महाराष्ट्र: ठाणे के एक व्यक्ति से निवेश के नाम पर 82 लाख रुपये की ठगी
महाराष्ट्र: ठाणे के एक व्यक्ति से निवेश के नाम पर 82 लाख रुपये की ठगी
ठाणे, 10 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र स्थित ठाणे शहर के 62 वर्षीय एक व्यक्ति से निवेश के नाम पर कथित रूप से 82.13 लाख रुपये की ठगी की गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पीड़ित को 26 सितंबर 2025 को फेसबुक पर एक विज्ञापन दिखा जिसमें शेयर बाजार में निवेश पर उच्च लाभ का वादा किया गया था। जब उसने उस पर क्लिक किया, तो उसे एक प्रमुख वित्त एवं निवेश कंपनी के नाम पर बने व्हाट्सऐप ग्रुप में शामिल किया गया।
इसके बाद बुजुर्ग से एक ‘ट्रेडिंग ऐप’ ‘डाउनलोड’ करने के लिए कहा गया और उन्हें निवेश करने के लिए राजी किया गया।
कासार वडवली थाने के एक अधिकारी ने बताया कि इस साल 10 से 30 जनवरी के बीच पीड़ित ने विभिन्न बैंक खातों में 82.13 लाख रुपये अंतरित किए और उसे कुल 1.51 करोड़ रुपये का ‘मुनाफा’ दिखाया गया।
हालांकि, दो फरवरी को लाभ निकालने के उनके अनुरोध को बार-बार अस्वीकार कर दिया गया और जालसाजों ने भुगतान करने के लिए अतिरिक्त 42.46 लाख रुपये की मांग की।
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद पीड़ित ने वित्त कंपनी से संपर्क किया जिसने किसी भी व्हाट्सऐप ग्रुप या ट्रेडिंग ऐप से किसी भी तरह के संबंध होने से इनकार किया।
पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने रविवार को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत दो व्यक्तियों तथा कुछ वेबसाइट एवं ऐप के खिलाफ मामला दर्ज किया।
भाषा यासिर सिम्मी
सिम्मी

Facebook


