मुंबई, चार नवंबर (भाषा) महाराष्ट्र के निर्वाचन आयुक्त दिनेश वाघमारे ने मंगलवार को बताया कि राज्य में 246 नगर परिषदों और 42 नगर पंचायतों के लिए दो दिसंबर को मतदान होगा
मुंबई में एक संवाददाता सम्मेलन में राज्य निर्वाचन आयुक्त वाघमारे ने 29 नगर निगमों, 32 जिला परिषदों और 336 पंचायत समितियों के लिए चुनाव कार्यक्रम की फिलहाल घोषणा नहीं की हालांकि इनमें भी चुनाव होने हैं।
भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 246 नगर परिषदों और 42 नगर पंचायतों के लिए दो दिसंबर को मतदान होगा और मतगणना तीन दिसंबर को होगी।
वाघमारे ने बताया कि इन स्थानीय स्वशासन निकायों में 6,859 सदस्यों और 288 अध्यक्षों के चुनाव के लिए मतदान होगा।
उन्होंने बताया कि इन चुनावों में पात्र मतदाताओं की संख्या 1.7 करोड़ है और 13,355 मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
वाघमारे ने बताया कि ‘इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन’ (ईवीएम) के माध्यम से मतदान होगा।
उन्होंने बताया कि नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 17 नवंबर है और 18 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी जबकि 21 नवंबर तक नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 21 नवंबर निर्धारित की गई है।
वाघमारे ने बताया कि 31 अक्टूबर की मतदाता सूची के आधार पर मतदान होगा।
भाषा यासिर नरेश
नरेश