मुंबई, 22 मई (भाषा) महाराष्ट्र सरकार ने ईंधन की बचत करने और विदेशी मुद्रा भंडार को सुरक्षित रखने के उपायों के तहत अपने पर्यटन विभाग और उससे जुड़े प्रतिनिधिमंडलों के सभी प्रस्तावित विदेशी दौरों को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है।
राज्य के पर्यटन मंत्री शंभूराज देसाई ने शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राष्ट्रव्यापी अपील और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निर्देशों के अनुरूप यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
देसाई ने कहा, ‘हम न केवल सरकारी तंत्र, बल्कि राज्य भर के नागरिकों से आग्रह करते हैं कि वे देश की समग्र आर्थिक प्रगति के लिए ईंधन और विदेशी मुद्रा संरक्षण के इस अभियान में शामिल हों।’
इस संबंध में पर्यटन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।
पर्यटन विभाग ने नागरिकों से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने, राज्य की समृद्ध विरासत और पर्यटन स्थलों को देखने तथा विदेशी मुद्रा बचाने के लिए विदेशी यात्रा के बजाय घरेलू पर्यटन को प्राथमिकता देने का आग्रह किया है।
विभाग ने लोगों से ऊर्जा और संसाधनों की बर्बादी कम करने के लिए जहां तक संभव हो सार्वजनिक परिवहन या पर्यावरण के अनुकूल वाहनों का उपयोग करने की भी अपील की है।
भाषा सुमित अविनाश
अविनाश