अमरावती, 22 मई (भाषा) आंध्र प्रदेश में तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) जून-जुलाई, 2026 में रिक्त होने वाली राज्यसभा की चारों सीट पर संभवत: जीत दर्ज करने की स्थिति में है।
निर्वाचन आयोग ने उच्च सदन की 24 सीट के लिए 18 जून को चुनाव कराने की शुक्रवार को घोषणा की।
आयोग ने एक बयान में कहा कि राज्यसभा की सीटों के लिए चुनाव उन 10 राज्यों में होंगे जहां मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 21 जून से 19 जुलाई के बीच अलग-अलग तारीखों पर समाप्त हो रहा है।
राज्यसभा चुनाव आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक की चार-चार सीट, मध्य प्रदेश और राजस्थान की तीन-तीन सीट, झारखंड की दो सीट तथा मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश एवं मिजोरम की एक-एक सीट पर होंगे।
आंध्र प्रदेश से राज्यसभा के जिन सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है उनमें ए. अयोध्या रामी रेड्डी, पी. सुभाषचंद्र बोस, नथवानी परिमल और एस. सतीश बाबू शामिल हैं। रेड्डी, नथवानी परिमल और बोस वाईएसआर कांग्रेस पार्टी से हैं, जबकि बाबू सत्तारूढ़ तेदेपा से हैं।
फिलहाल वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के पास राज्यसभा की सात सीट हैं, जबकि तेदेपा के पास दो सीट हैं। राज्यसभा के लिए 18 जून को होने वाले चुनाव के बाद इन आंकड़ों में बदलाव होने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, तेदेपा राज्यसभा की दो सीट पर चुनाव लड़ सकती है, जबकि उसकी सहयोगी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनसेना संभवत: एक-एक सीट पर उम्मीदवार उतारेगी।
विधानसभा में तेदेपा के 135 विधायक हैं। इसके बाद जनसेना के 21 और भाजपा के आठ विधायक हैं, जबकि वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के 11 विधायक हैं।
भाषा सिम्मी देवेंद्र
देवेंद्र