ईस्ट बंगाल के आईएसएल चैंपियन बनने पर कोच ब्रुजोन ने क्लब के साथ बने रहने का संकेत दिया

Ads

ईस्ट बंगाल के आईएसएल चैंपियन बनने पर कोच ब्रुजोन ने क्लब के साथ बने रहने का संकेत दिया

  •  
  • Publish Date - May 22, 2026 / 06:38 PM IST,
    Updated On - May 22, 2026 / 06:38 PM IST

कोलकाता, 22 मई (भाषा) ईस्ट बंगाल को 22 साल में पहली बार राष्ट्रीय लीग का खिताब दिलाने के बाद कोच ऑस्कर ब्रुजोन ने संकेत दिया है कि वह क्लब नहीं छोड़ेंगे और अगले महीने प्रबंधन के साथ इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के भविष्य पर चर्चा करेंगे।

ईस्ट बंगाल ने बृहस्पतिवार को खेले गए आईएसएल के अंतिम दौर के मुकाबले में शानदार वापसी करते हुए इंटर काशी को 2-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

इस जीत के साथ ईस्ट बंगाल 13 मैचों में 26 अंकों के साथ तालिका में शीर्ष पर पहुंचा। टीम गोल अंतर (19-14) के आधार पर मोहन बागान से आगे रही।

मैच के बाद ब्रुजोन ने मीडिया से बातचीत में कहा, “अपने भविष्य के बारे में मैं वही कहूंगा जो मैं पूरे सत्र में कहता आया हूं। मैं जून तक कोई फैसला नहीं लूंगा।”

आईएसएल का भविष्य अभी भी अनिश्चित है, क्योंकि व्यावसायिक और प्रसारण ढांचे को लेकर क्लबों और एआईएफएफ के बीच गतिरोध जारी है।

ब्रुजोन ने पहले सार्वजनिक रूप से कहा था कि अगर अगले आईएसएल सत्र को लेकर कोई स्पष्टता नहीं रही तो वह ईस्ट बंगाल के साथ नहीं रहेंगे।

ईस्ट बंगाल के साथ इतिहास रचने के बाद स्पेन के इस कोच ने आगे की बातचीत के लिए तैयार रहने का संकेत दिया।

उन्होंने कहा, “अगर जून तक क्लब के पास कोई ठोस योजना है, तो मुझे बैठकर बात करने में खुशी होगी। लेकिन अगर जून के बाद भी कोई स्पष्टता या योजना नहीं होगी, तो यह न केवल मेरे लिए बल्कि खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ के पूरे समूह के लिए कठिन होगा।”

ब्रुजोन ने कहा, “योजना के बिना बातचीत नहीं हो सकती।”

उन्होंने मुश्किल समय में उनके दृष्टिकोण का समर्थन करने के लिए क्लब प्रबंधन और सहायक कर्मचारियों को श्रेय देते हुए कहा, ‘‘हम पर्दे के पीछे चुपचाप काम कर रहे थे। चैंपियन बनकर क्लब छोड़ने पर मुझे बहुत खुशी और गर्व है।’’

ब्रुजोन ने कोचिंग स्टाफ की ओर से इमामी को इस अभियान में उनके समर्थन और विश्वास के लिए धन्यवाद भी दिया।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता