ठाणे में अवैध रेत खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 90 लाख रुपये के उपकरण नष्ट किए

Ads

ठाणे में अवैध रेत खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 90 लाख रुपये के उपकरण नष्ट किए

  •  
  • Publish Date - March 21, 2026 / 09:36 AM IST,
    Updated On - March 21, 2026 / 09:36 AM IST

ठाणे (महाराष्ट्र), 21 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में अधिकारियों ने भिवंडी तालुका में अवैध रेत खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लगभग 90 लाख रुपये मूल्य के बजरा सहित विभिन्न उपकरणों को नष्ट कर दिया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि राजस्व विभाग ने शुक्रवार को एक खुफिया सूचना के आधार पर केवानी क्रीक क्षेत्र में यह अभियान चलाया।

इसमें कहा गया है, ‘‘राजस्व विभाग ने केवानी सैंड पोर्ट क्षेत्र में अवैध रेत खनन में शामिल माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान में लगभग 80 से 90 लाख रुपये की संपत्ति नष्ट कर दी गई है।’’

विज्ञप्ति के अनुसार, जिला कलेक्टर श्रीकृष्ण पंचाल के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान अधिकारियों ने रेत निकालने में कथित रूप से इस्तेमाल की जा रही पांच सक्शन यूनिट और आठ बजरा नष्ट कर दिए। उपकरणों को जला दिया गया और बजरा खाड़ी में डुबो दिए गए, जिससे अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ।

इसमें कहा गया है कि माफिया ने अवैध रूप से निकाले गए रेत को जमा करने के लिए जलस्रोत के किनारे 12 बड़े भंडारण टैंक बनाए थे। इन टैंकों को मशीनों का उपयोग करके ध्वस्त कर दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि रेत भंडारण के लिए इस्तेमाल की गई भूमि ‘आरक्षित वन’ श्रेणी में आती है।

उन्होंने कहा, ‘‘चूंकि यह गतिविधि आरक्षित वन भूमि पर की जा रही थी इसलिए वन विभाग और मैंग्रोव संरक्षण इकाई द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।’’

विज्ञप्ति में कहा गया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अभियान के दौरान भिवंडी ग्रामीण पुलिस थाने के कर्मियों को तैनात किया गया।

भाषा गोला अमित

अमित