ठाणे, आठ मई (भाषा) महाराष्ट्र में ठाणे जिले के 40 वर्षीय एक व्यक्ति को शादी का झूठा वादा करके लगभग दो साल तक एक महिला से बलात्कार करने और उसका जबरन गर्भपात कराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
कल्याण के कोलसेवाड़ी के रहने वाले आरोपी वीरेन हसमुख पटेल के खिलाफ यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश की मूल निवासी और वर्तमान में कल्याण में रहने वाली 27 वर्षीय महिला की शिकायत पर की गई।
प्राथमिकी के अनुसार, यह अपराध सितंबर 2024 और अप्रैल 2026 के बीच हुआ था। एक पुलिस अधिकारी ने शिकायत का हवाला देते हुए बताया कि पटेल ने कथित तौर पर महिला को शादी का झांसा दिया और कहा कि वह अपनी पत्नी को कानूनी रूप से तलाक दे देगा।
अधिकारी ने बताया, ‘‘आरोपी शिकायतकर्ता को किराए के विभिन्न कमरों और लॉज में ले गया। आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर महिला के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।’’
प्राथमिकी के अनुसार, जब महिला गर्भवती हुई तो पटेल ने कथित तौर पर उसे गर्भपात की गोलियां लेने के लिए मजबूर किया, जिसके परिणामस्वरूप उसकी सहमति के बिना गर्भपात हो गया।
अधिकारी ने बताया कि पीड़िता और उसके माता-पिता हाल ही में पटेल के घर गए थे और उससे पत्नी से तलाक लेने तथा उनकी बेटी से शादी करने के बारे में पूछा था। पटेल ने कथित तौर पर तीनों का अपमान किया, उनके साथ दुर्व्यवहार किया और उनसे मारपीट की।
पुलिस ने बताया कि पटेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिनमें बलात्कार, छल करके यौन संबंध बनाना और महिला की सहमति के बिना गर्भपात कराना शामिल हैं।
अधिकारी ने बताया कि कोनगांव पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।
भाषा गोला रंजन
रंजन