मुंबई में मध्यम से भारी बारिश, रेल व सड़क यातायात सामान्य

Ads

मुंबई में मध्यम से भारी बारिश, रेल व सड़क यातायात सामान्य

  •  
  • Publish Date - July 11, 2024 / 03:58 PM IST,
    Updated On - July 11, 2024 / 03:58 PM IST

मुंबई, 11 जुलाई (भाषा) मुंबई और उसके उपनगरों में दो दिनों तक हल्की बारिश के बाद बृहस्पतिवार को मध्यम से भारी बारिश हुई। हालांकि किसी भी इलाके में बड़े स्तर पर जलभराव की कोई खबर नहीं है।

अधिकारियों के अनुसार, मुंबई में उपनगरीय ट्रेनें थोड़ी देरी से चल रही हैं जबकि सड़क यातायात सामान्य है।

नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुंबई केंद्र ने अगले 24 घंटों में शहर और उपनगरों में मध्यम बारिश के साथ आसमान में बादल छाए रहने और अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की आशंका जताई है।

अधिकारी ने बताया कि अरब सागर में बुधवार देर रात तीन बजकर 40 मिनट पर 4.04 मीटर की ऊंची लहरें उठी थीं।

बृहस्पतिवार सुबह से ही शहर और उपनगरों के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुक कर मध्यम से भारी बारिश हुई। उपनगरों की तुलना में तट के करीबी शहरों में बारिश काफी तेज थी।

अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे समाप्त हुए 24 घंटे की अवधि में तट के करीबी शहरों में औसतन 50.16 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई जबकि पूर्वी और पश्चिमी भागों में क्रमशः 27.01 मिमी और 55.95 मिमी बारिश दर्ज की गयी।

अधिकारियों के अनुसार, शहर में कहीं भी बड़े स्तर पर जलभराव की कोई खबर नहीं है।

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश