मुंबई, 15 अगस्त (भाषा) मुंबई पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में 80 लोगों को उनका चोरी हुआ या गुम हुआ सामान वापस लौटाया, जिसकी कीमत करीब एक करोड़ 15 लाख रुपये है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार, यह कार्यक्रम वेस्ट जोन-दो में पूर्वाह्न साढ़े 10 बजे आयोजित किया गया, जिसमें बांद्रा, खार, सांताक्रूज, जुहू और डी एन नगर थानों की जांच के दौरान बरामद की गई संपत्ति को आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा गया।
बरामद सामान में सोने और चांदी के आभूषण तथा मोबाइल फोन शामिल थे। जांच और अदालत की कार्यवाही के दौरान अपने सामान की वापसी का इंतजार कर रहे शिकायतकर्ताओं को इसे वापस मिलने से राहत मिली।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप