(फाइल फोटो सहित)
अमरावती, 26 अप्रैल (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों को राज्य में ईंधन की कमी को दूर करने के लिए तत्काल उपाय करने का निर्देश दिया है। ईंधन की किल्लत के कारण राज्य में कई पेट्रोल पंप बंद हो गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने शनिवार देर रात मुंबई से अमरावती रवाना होने से पहले मुख्य सचिव साई प्रसाद और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ टेलीकॉन्फ्रेंस के माध्यम से स्थिति की समीक्षा की।
रविवार को एक आधिकारिक बयान में कहा गया, ‘‘मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे किल्लत को दूर करने और जनता को होने वाली असुविधा को रोकने के लिए तत्काल कदम उठाएं।’’
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि राज्य के 4,510 पेट्रोल पंप में से लगभग 421 आपूर्ति की कमी के कारण बंद हो गए हैं। उन्होंने कहा कि आपूर्ति में 10 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, लेकिन घबराहट में की जा रही खरीदारी के कारण मांग तेज़ी से बढ़ गई है, जिससे कई पेट्रोल पंप पर भारी भीड़ देखी जा रही है।
सामान्य दिनों में पेट्रोल की औसत बिक्री 6,330 किलोलीटर और डीजल की 9,048 किलोलीटर होती है, लेकिन किल्लत की आशंकाओं के चलते खरीद में काफी वृद्धि हुई है। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को पेट्रोल की बिक्री 10,345 किलोलीटर और डीजल की बिक्री 14,156 किलोलीटर तक पहुंच गई।
आपूर्ति में सुधार के बावजूद, उपभोक्ताओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि घबराहट में खरीदारी के कारण कई पेट्रोल पंप पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं।
अधिकारियों ने बताया कि विशेषकर मत्स्य क्षेत्र के लिए ड्रम में थोक खरीदारी से पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। नायडू ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जिलाधिकारियों और मत्स्य विभाग के साथ समन्वय कर इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान करें।
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप