‘इंडिया’ गठबंधन में कोई दरार नहीं: संजय राउत

Ads

‘इंडिया’ गठबंधन में कोई दरार नहीं: संजय राउत

  •  
  • Publish Date - May 9, 2026 / 09:02 PM IST,
    Updated On - May 9, 2026 / 09:02 PM IST

मुंबई, नौ मई (भाषा) शिवसेना (उद्धव बाला साहब ठाकरे) नेता संजय राउत ने शनिवार को कहा कि तमिलनाडु में द्रमुक के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ने के बावजूद कांग्रेस द्वारा विजय के नेतृत्व वाली टीवीके को सरकार गठन के लिए समर्थन देने को लेकर विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ में कोई दरार नहीं है।

द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने शुक्रवार को यह कहकर लोकसभा में अपने सदस्यों के बैठने की व्यवस्था में बदलाव की मांग की कि कांग्रेस के साथ उनका गठबंधन समाप्त हो गया है और उनके सदस्यों का कांग्रेस के सदस्यों के साथ बैठना उचित नहीं होगा।

दोनों दल ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के प्रमुख घटक दल हैं।

राउत ने पत्रकारों से कहा कि विपक्षी दलों के गठबंधन में कोई दरार नहीं है और उन्होंने विश्वास जताया कि ‘‘हम लोकसभा चुनाव में साथ रहेंगे’’।

उन्होंने कहा कि द्रमुक कई वर्षों से कांग्रेस की सहयोगी रही है और द्रमुक कभी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ भी थी।

राउत ने कहा कि तमिलनाडु की जनता ने पहली बार विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) को 234 सीट वाली विधानसभा में 108 सीट देकर जनादेश दिया है। राज्य में चुनाव परिणाम चार मई को घोषित किए गए थे।

जब राउत से पूछा गया कि क्या ‘इंडिया’ गठबंधन में कोई दरार है, तो उन्होंने जवाब दिया, ‘‘नहीं’’।

राउत ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने टीवीके का समर्थन करने का निर्णय लेने से पहले द्रमुक प्रमुख एम.के. स्टालिन से बात की थी।

राउत ने कहा, ‘‘उस जनादेश का सम्मान किया जाना चाहिए। सभी का रुख राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को सत्ता से दूर रखना है।’’

द्रमुक नेता कनिमोई करुणानिधि ने बदले हुए राजनीतिक हालात को देखते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को बैठने की व्यवस्था में बदलाव के लिए पत्र लिखा।

शिवसेना (उबाठा) के राज्यसभा सदस्य ने कहा, ‘‘द्रमुक का रुख उनके राजनीतिक अस्तित्व के लिए है। हम लोकसभा चुनाव में साथ रहेंगे।’’

भाषा सुरभि प्रशांत

प्रशांत