बाढ़ प्रभावित वसई-विरार में बिजली आपूर्ति बहाल, दो लाख से अधिक उपभोक्ता थे परेशान

बाढ़ प्रभावित वसई-विरार में बिजली आपूर्ति बहाल, दो लाख से अधिक उपभोक्ता थे परेशान

बाढ़ प्रभावित वसई-विरार में बिजली आपूर्ति बहाल, दो लाख से अधिक उपभोक्ता थे परेशान
Modified Date: July 10, 2026 / 03:28 pm IST
Published Date: July 10, 2026 3:28 pm IST

ठाणे, 10 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (एमएसईडीसीएल) ने बाढ़ के पानी में डूबे ट्रांसफॉर्मरों का निरीक्षण करने के लिए नौकाएं तैनात कर, बाढ़ प्रभावित वसई-विरार क्षेत्र में पानी उतरने के 12 घंटे के भीतर दो लाख से अधिक उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

कल्याण क्षेत्र के उप मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अजीत इगतपुरीकर ने बृहस्पतिवार को बताया कि इलाके में लगातार पांच दिनों तक हुई मूसलाधार बारिश के कारण एमएसईडीसीएल को एहतियात के तौर पर अस्थायी रूप से बिजली आपूर्ति बंद करनी पड़ी थी। मौसम साफ होने के बाद बुधवार से कंपनी ने बिजली बहाल करने का अभियान शुरू किया।

कल्याण जोन के मुख्य अभियंता चंद्रमणि मिश्रा ने कहा, “कई जलमग्न इलाकों में हमारी टीम को पानी में डूबे बिजली उपकरणों का निरीक्षण करने के लिए नौकाओं का सहारा लेना पड़ा। हमने बाढ़ से खराब भूमिगत केबलों, ट्रांसफार्मरों, बिजली लाइनों और बिजली के खंभों की व्यवस्थित ढंग से जांच की तथा जहां भी आवश्यकता पड़ी, वहां तत्काल मरम्मत का काम किया।”

एमएसईडीसीएल की विज्ञप्ति के अनुसार, बाढ़ के पानी में 528 ट्रांसफार्मर डूब गए थे, जिनमें से 62 पूरी तरह खराब हो गए और उन्हें तत्काल बदलना पड़ा।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि इसके अलावा 91 बिजली के खंभे भी गिर गए थे, जिसके कारण नये खंभे स्थापित करने पड़े साथ ही ऊपर (ओवरहेड) से गुजरने वाली बिजली लाइनों को फिर से लगाना पड़ा।

चंद्रमणि मिश्रा ने कहा कि शेष प्रभावित इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल करने का काम युद्धस्तर पर जारी है।

भाषा प्रचेता पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में