मुंबई, सात अगस्त (भाषा) राजनीतिक रणनीतिकार से राजनेता बने प्रशांत किशोर ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) अध्यक्ष और महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के साथ राज्य में सत्तारूढ़ पार्टी के संगठन को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। पार्टी के एक पदाधिकारी ने यह जानकारी दी।
किशोर ने हाल ही में पटना के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में बड़ी जीत हासिल की है।
जन सुराज पार्टी के प्रमुख किशोर ने बृहस्पतिवार को दक्षिण मुंबई में पवार के सरकारी आवास ‘देवगिरी’ पर उनसे मुलाकात की।
राकांपा के प्रवक्ता सूरज चव्हाण ने बताया कि संगठन को फिर से खड़ा करने के मामले में सलाह दे रहे किशोर के साथ बैठक में सुनेत्रा पवार, उनके सांसद बेटे पार्थ पवार और वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया।
उन्होंने कहा, “यह पार्टी को मजबूत करने और यह सुनिश्चित करने के लिए एक आंतरिक बैठक थी कि सरकार के विकास कार्यक्रम जमीनी स्तर तक पहुंचें।”
चव्हाण ने उन अटकलों को खारिज कर दिया कि किशोर ने राकांपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे के काम करने के तरीके पर नाराजगी जताई थी और उन्हें हटाने की मांग की थी।
इस बारे में पूछे जाने पर, राकांपा से आने वाले राज्य के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) मंत्री नरहरि जिरवाल ने कहा, “ऐसा कुछ भी नहीं है…”। यह दूसरी बार है जब किशोर – जिन्होंने नरेन्द्र मोदी और ममता बनर्जी से लेकर अरविंद केजरीवाल जैसे नेताओं की चुनावी जीत की पटकथा लिखी है- सुनेत्रा पवार से मिले हैं। सुनेत्रा पवार के पति और तत्कालीन उप मुख्यमंत्री अजित पवार की इस साल जनवरी में बारामती में एक विमान दुर्घटना में मौत हो गई थी।
कुछ महीने पहले हुई अपनी पहली मुलाकात के बाद, पार्थ पवार ने कहा था कि किशोर उनके परिवार के परिचित हैं।
बिहार में हाल ही में हुए विधानसभा उपचुनाव में किशोर ने भाजपा को उसके गढ़ बांकीपुर में हराकर चौंका दिया। यह उपचुनाव इसलिए कराना पड़ा क्योंकि मौजूदा विधायक नितिन नबीन, जो भाजपा अध्यक्ष भी हैं, ने राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद अपनी सीट छोड़ दी थी। भाजपा ने युवा नेता नीरज कुमार सिन्हा को मैदान में उतारा था, जिन्हें किशोर ने बड़े अंतर से हराया।
भाषा
प्रशांत नरेश
नरेश