पुणे में निजी विमानन कंपनी का प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त, दो लोग घायल

Ads

पुणे में निजी विमानन कंपनी का प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त, दो लोग घायल

  •  
  • Publish Date - October 22, 2023 / 09:45 AM IST,
    Updated On - October 22, 2023 / 09:45 AM IST

पुणे, 22 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र के पुणे जिले के एक गांव के पास निजी विमानन अकादमी का प्रशिक्षण विमान रविवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान में सवार एक प्रशिक्षु पायलट और एक प्रशिक्षक घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि विमान सुबह करीब आठ बजे बारामती तालुका के गोजुबावी गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

बारामती थाने के वरिष्ठ निरीक्षक प्रभाकर मोरे ने कहा,” रेडबर्ड फ्लाइट ट्रेनिंग अकादमी का एक प्रशिक्षण विमान गोजुबावी गांव में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में एक प्रशिक्षु पायलट और एक प्रशिक्षक घायल हो गए जिन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।”

उन्होंने कहा,”हादसे का कारण अभी सामने नहीं आया है। मामले में जांच जारी है।”

निजी विमानन अकादमी के विमान से जुड़ी यह चार दिनों के अंदर हुई दूसरी घटना है।

पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम को अकादमी का एक प्रशिक्षण विमान बारामती तालुका के कफ्ताल गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिसमें एक पायलट घायल हो गया था।

भाषा अभिषेक प्रशांत

प्रशांत