ठाणे, छह जून (भाषा) ठाणे जिले के उल्हासनगर में एक महिला यात्री को परेशान करने और उससे दुर्व्यवहार करने के आरोप में एक अज्ञात ऑटोरिक्शा चालक पर मामला दर्ज किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने शिकायत का हवाला देते हुए बताया कि बुधवार को 33 वर्षीय महिला अंबरनाथ रेलवे स्टेशन जाने के लिए आरोपी के वाहन में बैठी, लेकिन वह एक पुल की ओर मुड़ गया। जब महिला ने उसे रुकने के लिए कहा तो आरोपी उसे धमकी देने लगा।
अधिकारी ने कहा, ”जब रिक्शा धीमा हुआ तो महिला किसी तरह उतर गई। लेकिन आरोपी ने उसका पीछा किया, धमकी दी, अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और उसका मोबाइल फोन चुराने की कोशिश की। महिला ने जब उसे रिक्शे के किराये के तौर पर 20 रुपये देने चाहे तो आरोपी ने महिला का जबरदस्ती हाथ पकड़ लिया।”
अंबरनाथ पुलिस थाने के अधिकारी ने कहा कि रिक्शा चालक की तलाश की जा रही है, जिस पर भारतीय दंड संहिता की धारा 354 (शील भंग करना), 504 (किसी को उकसाने के लिए जानबूझकर अपमान करना) और 506 (आपराधिक भयादोहन) के तहत मामला दर्ज किया है।
भाषा मनीषा
मनीषा