ठाणे के एक व्यक्ति से ऑनलाइन धोखाधड़ी में 1.17 करोड़ रुपये की ठगी

ठाणे के एक व्यक्ति से ऑनलाइन धोखाधड़ी में 1.17 करोड़ रुपये की ठगी

ठाणे के एक व्यक्ति से ऑनलाइन धोखाधड़ी में 1.17 करोड़ रुपये की ठगी
Modified Date: February 11, 2026 / 11:29 am IST
Published Date: February 11, 2026 11:29 am IST

ठाणे, 11 फरवरी (भाषा) साइबर अपराधियों ने महाराष्ट्र के ठाणे में रहने वाले 39 वर्षीय एक व्यक्ति से फेसबुक और टिकटॉक जैसे सोशल मीडिया मंचों पर ‘वर्चुअल स्टोर’ में निवेश का झांसा देकर कथित तौर पर 1.17 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मंगलवार को वर्तकनगर पुलिस थाने में तीन महिलाओं सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता को एक फेसबुक ग्रुप में जोड़ा गया था, जहां उस ग्रुप के सदस्यों ने उसे दिए गए लिंक के माध्यम से ‘फेसबुक शॉप’ और ‘टिकटॉक स्टोर’ खोलने के लिए राजी किया। उसे हर सामान की बिक्री पर कथित तौर पर 15 प्रतिशत कमीशन देने का वादा किया गया था।

अधिकारी ने कहा, ‘शुरुआत में विश्वास जीतने के लिए आरोपियों ने पीड़ित द्वारा 25,000 रुपये का निवेश किए जाने के बाद उसके ‘डिजिटल वॉलेट’ में थोड़ा मुनाफा जमा किया।’

पीड़ित ने उच्च मुनाफे के लालच में आकर पिछले साल अक्टूबर से दिसंबर के बीच 1.17 करोड़ रुपये का निवेश किया।

अधिकारी ने बताया कि इस धोखाधड़ी का तब पता चला जब शिकायतकर्ता ने अपना जमा मुनाफा निकालने की कोशिश की।

उन्होंने बताया कि आरोपियों ने यह दावा करते हुए पैसे निकालने पर रोक लगा दी कि ‘‘उत्पीड़न’’ के कारण उसके स्टोर की ‘रेटिंग’ गिर गई है और उन्होंने इसे बहाल करने के लिए अतिरिक्त 31.15 लाख रुपये की मांग की।

अधिकारियों ने कहा, ‘हम मोबाइल नंबरों और डिजिटल लेनदेन के आधार पर जांच कर रहे हैं।’

भाषा प्रचेता सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में