ठाणे, अगस्त 14 (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले के सात लोगों को विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करने को मजबूर करने वाले कंबोडिया से संचालित साइबर ठगी गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि मुंब्रा पुलिस ने बृहस्पतिवार को मुख्य आरोपी मोहम्मद अराफात शेख और सात अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(2) (आपराधिक विश्वासघात), 318(4) (धोखाधड़ी) और अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है।
प्राथमिकी के अनुसार, शेख ने कथित रूप से मुंब्रा के रहने वाले सात लोगों को विदेश में आकर्षक नौकरी दिलाने का झांसा दिया और उन्हें कंबोडिया के काम्पोट स्थित एक साइबर ठगी केंद्र में ले गया। यह केंद्र विदेशी और भारतीय संचालकों द्वारा चलाया जा रहा था।
अधिकारी ने बताया कि कंबोडिया में इन लोगों ने केविन हेच, बिहार निवासी मोतीलाल मंडल और बेंगलुरु के रहने वाले ”अन्ना” नामक व्यक्ति द्वारा संचालित साइबर ठगी केंद्र में कथित रूप से काम किया।
उन्होंने बताया कि आरोपियों ने अक्टूबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच फर्जी फेसबुक खातों के जरिए भारतीयों को निशाना बनाकर ऑनलाइन ठगी और गेमिंग धोखाधड़ी को अंजाम दिया तथा बड़ी रकम हड़प ली।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस अब इस नेटवर्क को खत्म करने, साइबर ठगी केंद्र के मालिकों से जुड़े वित्तीय लेनदेन का पता लगाने और गिरोह में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी है।
भाषा वैभव
वैभव