मुंबई, छह अगस्त (भाषा) मुंबई में बृहस्पतिवार सुबह तेज आवाज में संगीत बजाने को लेकर तीन भाइयों के बीच झगड़ा हो गया और इस दौरान धारदार हथियारों से हमला किए जाने के कारण परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह घटना विक्रोली के पार्कसाइट इलाके में स्थित राहुल नगर में हुई, जहां चार भाई एक ही मकान में रहते थे।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने प्रारंभिक जानकारी के हवाले से बताया कि सुनील विश्वकर्मा (40) ने तड़के कथित रूप से तेज आवाज में संगीत बजाया जिस पर उसके भाइयों सुरेंद्र विश्वकर्मा और सूरज विश्वकर्मा ने आपत्ति जताई।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद भाइयों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई तथा इसी बीच सुरेंद्र एवं सूरज ने सुनील और उसके परिवार के सदस्यों पर कथित रूप से धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
उसने बताया कि सुनील की मौके पर ही मौत हो गई और उसके 14 वर्षीय बेटे श्लोक विश्वकर्मा ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। अधिकारियों ने बताया कि सुनील की पत्नी एवं छोटे बेटे को गंभीर चोटें आई हैं और उनका राजावाड़ी अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
पुलिस ने घटना के सिलसिले में सुरेंद्र और सूरज विश्वकर्मा को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है।
जांचकर्ताओं ने घटनास्थल से कुछ सामान भी जब्त किया है और फॉरेंसिक टीम जांच में सहायता कर रही है।
पुलिस ने बताया कि उसे संदेह है कि हमले के पीछे तेज आवाज में संगीत बजाने को लेकर हुए झगड़े से इतर कोई अन्य गहरी वजह भी हो सकती है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
भाषा सिम्मी गोला
गोला