पूर्व प्रेमिका और उसकी बहन की झूठा मामला दर्ज कराने की धमकी से परेशान युवक ने आत्महत्या की
पूर्व प्रेमिका और उसकी बहन की झूठा मामला दर्ज कराने की धमकी से परेशान युवक ने आत्महत्या की
मुंबई, नौ अगस्त (भाषा) मुंबई के बांद्रा पश्चिम उपनगर में 24 वर्षीय एक युवक ने कथित तौर पर पूर्व प्रेमिका और उसकी बहन द्वारा झूठे पुलिस मामले में फंसाने की धमकी दिए जाने से परेशान होकर 13वीं मंजिल स्थित अपने फ्लैट से कूदकर आत्महत्या कर ली। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि छह अगस्त को युवक की मौत के बाद उसकी मां की शिकायत पर पुलिस ने दो महिलाओं के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित अपने माता-पिता और छोटे भाई के साथ बांद्रा ईस्ट में रहता था और पहले एक न्यायाधीश के साथ विधि लिपिक के रूप में काम कर चुका था।
अधिकारी ने बताया कि युवक हाल के दिनों में तनाव और अवसाद में था। उन्होंने बताया कि छह अगस्त को उसकी मां को उसके दो दोस्तों का फोन आया, जिन्होंने बताया कि बेंगलुरु में पढ़ाई के दौरान उसका एक युवती के साथ संबंध था।
उन्होंने बताया कि बाद में दोनों के बीच रिश्ते खराब हो गए और पूर्व प्रेमिका तथा उसकी बड़ी बहन कथित तौर पर युवक को झूठे पुलिस मामले में फंसाने की धमकी देने लगीं।
अधिकारी के मुताबिक, युवक की मां ने जब उससे इस बारे में पूछा तो उसने धमकी मिलने की बात स्वीकार की। इसके बाद जब उसकी मां फोन पर उसकी पूर्व प्रेमिका से बात करने लगी, तो युवक ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और खिड़की से छलांग लगा दी।
अधिकारी ने बताया कि युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
भाषा
शुभम संतोष
संतोष

Facebook


