पालघर में युवती का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म; एक गिरफ्तार, तीन हिरासत में

पालघर में युवती का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म; एक गिरफ्तार, तीन हिरासत में

पालघर में युवती का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म; एक गिरफ्तार, तीन हिरासत में
Modified Date: August 11, 2026 / 09:41 pm IST
Published Date: August 11, 2026 9:41 pm IST

पालघर, 11 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले में 19-वर्षीय एक युवती का अपहरण कर उससे सामूहिक दुष्कर्म करने वाले सात पुरुषों में से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तीन अन्य को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

तलसारी पुलिस थाना के निरीक्षक अजय गोरहाड ने बताया कि यह जघन्य घटना रविवार रात को हुई थी और शेष तीन आरोपियों की तलाश जारी है।

अधिकारी के अनुसार, पीड़िता अपने एक पुरुष मित्र के साथ उंबरगांव से लौट रही थी, तभी आमगांव के पास उनका दोपहिया वाहन सड़क पर फिसल गया।

उन्होंने बताया कि उसी दौरान वहां से गुजर रहे आरोपियों ने दोनों को देखा और पीड़िता के मित्र को डरा-धमकाकर वहां से भागने पर मजबूर कर दिया।

अधिकारी ने बताया कि इसके बाद आरोपियों ने अपने तीन और साथियों को मौके पर बुलाया। वे युवती को जबरन एक दोपहिया वाहन पर बैठाकर अच्छाड ले गए, जहां उन्होंने उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया।

घटना के बाद पीड़िता ने तलसारी पुलिस थाने पहुंचकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 70(1) और अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) यतीश देशमुख सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया और आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को रवाना किया गया।

अधिकारी ने बताया कि पीड़िता की चिकित्सकीय जांच करा ली गई है और फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

भाषा सुमित सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में