(Chaitra Navratri 2026/ Image Credit: Pexels)
Chaitra Navratri 2026: चैत्र नवरात्रि हर साल चैत्र शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से शुरू होती है और इसे हिंदू नव वर्ष की शुरुआत भी माना जाता है। इस दौरान भक्त मां दुर्गा की पूजा करते हैं और व्रत रखते हैं। नवरात्रि के समापन के दिन राम नवमी मनाई जाती है और व्रत का पारण अगले दिन किया जाता है। इस बार नवरात्रि की अवधि और तिथियों को लेकर कन्फ्यूजन देखा जा रहा है।
इस साल चैत्र नवरात्रि गुरुवार, 19 मार्च 2026 से शुरू हो रही है। पंचांग के अनुसार इसका समापन 26 मार्च 2026 को होगा। इस दिन महाष्टमी और राम नवमी दोनों मनाई जाएंगी। इसलिए इस बार नवरात्रि 8 दिन की होगी, न कि पूरे 9 दिन की।
चैत्र नवरात्रि के पहले दिन यानी 19 मार्च को कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त सुबह 06:52 बजे से 09:44 बजे तक रहेगा। घटस्थापना का अभिजित मुहूर्त 11:20 AM से 12:09 PM तक है। प्रतिपदा तिथि सुबह 06:52 बजे शुरू होगी और अगले दिन 20 मार्च 2026 को सुबह 04:52 बजे समाप्त होगी।
नवरात्रि की अष्टमी इस साल 26 मार्च को पड़ रही है। इस दिन माता दुर्गा के महागौरी स्वरूप की पूजा होती है। राम नवमी भी इसी दिन मनाई जाएगी। पंचांग अनुसार नवमी तिथि 26 मार्च की सुबह 11:48 बजे शुरू होगी और 27 मार्च को सुबह 10:06 बजे समाप्त होगी। भगवान श्री राम का जन्म अभिजीत मुहूर्त में दिन के 12 बजे हुआ था।
चैत्र नवरात्रि व्रत का पारण 27 मार्च 2026 को सुबह 10:08 बजे के बाद किया जा सकेगा। व्रत और पूजा के दौरान नियमों का पालन करना शुभ माना जाता है। व्रत रखने से जीवन में सुख-समृद्धि और मानसिक शांति प्राप्त होती है।
इस बार हवन 26 मार्च 2026 को सुबह 11:48 बजे के बाद किया जा सकेगा क्योंकि नवमी तिथि इसी समय से प्रारंभ होगी। चैत्र नवरात्रि में माता की सवारी इस बार पालकी पर होगी और विदाई हाथी से होगी। भक्त इस अवसर पर माता की विशेष पूजा और आराधना करते हैं।