अफगानिस्तान ने कनाडा को 82 रन से हराकर जीत से अभियान समाप्त किया

अफगानिस्तान ने कनाडा को 82 रन से हराकर जीत से अभियान समाप्त किया

अफगानिस्तान ने कनाडा को 82 रन से हराकर जीत से अभियान समाप्त किया
Modified Date: February 19, 2026 / 10:59 pm IST
Published Date: February 19, 2026 10:59 pm IST

चेन्नई, 19 फरवरी (भाषा) अफगानिस्तान ने इब्राहिम जदरान (नाबाद 95 रन) की शानदार अर्धशतकीय पारी के बाद मोहम्मद नबी (सात रन देकर चार विकेट) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत बृहस्पतिवार को यहां आईसीसी टी20 विश्व कप के औपचारिक ग्रुप डी मैच में कनाडा पर 82 रन की जीत से अपना अभियान खत्म किया।

कनाडा की टीम टूर्नामेंट में एक भी जीत दर्ज नहीं कर सकी जबकि अफगानिस्तान की यह दूसरी जीत रही।

राशिद खान की अगुआई वाली टीम स्पष्ट रूप से बेहतर टीम थी जो दक्षिण अफ्रीका को ‘डबल सुपर ओवर’ तक ले गई, हालांकि उसे हार का सामना करना पड़ा।

टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी दोनों टीमों के बीच मुकाबले में अफगानिस्तान ने जदरान की 56 गेंद की अर्धशतकीय पारी से चार विकेट पर 200 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।

फिर उसके गेंदबाजों ने कनाडा को 20 ओवर में आठ विकेट पर 118 रन ही बनाने दिए।

दोनों टीमें शानदार जीत के साथ घर लौटना चाहती थीं, लेकिन अफगानिस्तान ने शानदार बल्लेबाजी के साथ शानदार गेंदबाजी की।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी कनाडा ने तीसरे ही ओवर में कप्तान दिलप्रीत बाजवा (13 रन) का विकेट गंवा दिया। छह ओवर के अंदर उनका स्कोर तीन विकेट पर 33 रन हो गया जिसमें नबी ने अहम झटके दिए। उन्होंने युवराज समरा (17) और निकोलस किर्टन (10) के विकेट झटके।

ऑफ-स्पिनर मुजीबुर रहमान ने बाजवा को आउट किया जबकि अजमतुल्लाह उमरजई ने नवनीत धालीवाल को पवेलियन भेजा जिससे अफ़गानिस्तान ने शुरुआत में ही शिकंजा कस दिया।

हर्ष ठाकर (30) और साद बिन जफर (28) ने छठे विकेट के लिए 53 रन की भागीदारी की लेकिन अफगानिस्तान की स्पिन जोड़ी ने उन्हें उबरने ही नहीं दिया।

नबी ने चार ओवर में सात रन देकर चा विकेट लिए जबकि कप्तान राशिद ने दो विकेट लिए।

लगातार अंतराल पर विकेट गिरने और जरूरी रन रेट बढ़ने के कारण कनाडा ने आसानी से हार मान ली।

इससे पहले जदरान अपनी टीम को चार विकेट पर 200 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाने में कामयाब रहे। जदरान के अलावा सेदिकुल्लाह अटल ने 44 रन और विकेटकीपर बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज ने 30 रन का योगदान दिया।

जदरान को एक जीवनदान मिला जिसके बाद उन्होंने कनाडा के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए अपनी पारी में सात चौके और पांच छक्के लगाए।

गुरबाज ने संभलकर शुरुआत की, लेकिन दूसरे ओवर में विकेटकीपर श्रेयस मोवा ने तेज गेंदबाज डिलन हेलिगर की गेंद पर उनका कैच छोड़ दिया।

गुरबाज ने पिच को समझने के बाद शानदार शॉट्स खेले, लेकिन छठे ओवर में जसकरण ने उन्हें डीप प्वाइंट पर कैच कराकर पवेलियन भेज दिया।

तीन गेंद बाद ही जसकरण सिंह ने खतरनाक गुलबदिन नईब को पगबाधा आउट कर अफगानिस्तान का स्कोर दो विकेट पर 49 रन कर दिया।

इसके बाद जदरान ने मोर्चा संभाला। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने रन गति को कभी धीमा नहीं होने दिया। उन्होंने तेज गेंदबाजों और स्पिनरों के खिलाफ खुलकर शॉट्स लगाए।

उन्होंने अटल के साथ तीसरे विकेट के लिए 95 रन की शानदार साझेदारी की। दोनों ने स्पिनरों के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया।

जदरान 54 रन पर भाग्यशाली रहे, जब बाएं हाथ के स्पिनर अंश पटेल की गेंद पर कलीम सना ने उनका कैच छोड़ दिया। कनाडा का खराब क्षेत्ररक्षण उन पर भारी पड़ा और अफगानिस्तान ने विकेटों के बीच तेज दौड़ लगाकर इसका पूरा फायदा उठाया।

जसकरण ने अंततः अटल को आउट कर साझेदारी तोड़ी, लेकिन जदरान बिना दबाव के खेलते रहे लेकिन शतक से पांच रन से चूक गए।

अंत में अजमतुल्लाह उमरजई ने सात गेंद पर 13 रन रन बनाए जिससे अफगानिस्तान ने 10 रन प्रति ओवर से 200 रन पूरे किए।

कनाडा के लिए जसकरण सिंह ने गेंद से अच्छा प्रदर्शन किया और 52 रन देकर तीन विकेट लिए जबकि तेज गेंदबाज डिलन हेलिगर को एक विकेट मिला।

भाषा नमिता

नमिता


लेखक के बारे में