कोलकाता, 16 मई (भाषा) न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज फिन एलन ने शुरूआत में मिले दो जीवनदान का फायदा उठाते हुए 35 गेंद में 93 रन की विस्फोटकीय पारी खेली जिसकी बदौलत कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने शनिवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में गुजरात टाइटन्स के खराब क्षेत्ररक्षण का फायदा उठाते हुए 29 रन से जीत हासिल कर प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीद जीवंत रखा।
इस हार से गुजरात टाइटन्स का लगातार पांच मैचों में जीत का सिलसिला भी टूट गया जो 16 अंक से तालिका में दूसरे स्थान पर बरकरार है।
एलन के गेंदबाजों की धुनाई करने के बाद अंगकृष रघुवंशी (नाबाद 82 रन) और कैमरन ग्रीन (नाबाद 52 रन) के नाबाद अर्धशतकों तथा दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए महज 53 गेंद में 108 रन की शतकीय साझेदारी से टीम ‘करो या मरो’ के मुकाबले में दो विकेट पर 247 रन के विशाल स्कोर तक पहुंची। यह इस सत्र में उसका सबसे बड़ा स्कोर है।
लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात टाइटन्स फॉर्म में चल रहे सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन (नाबाद 53 रन) के 23 रन पर रिटायर्ड हर्ट होने के बाद कप्तान शुभमन गिल (49 गेंद में 85 रन) और जोस बटलर (35 गेंद में 57 रन) के बीच 73 गेंद में 128 रन की साझेदारी के बावजूद चार विकेट पर 218 रन ही बना सकी।
केकेआर ने पारी के दौरान 22 छक्के लगाए जबकि गुजरात की टीम 12 छक्के ही लगा पाई। केकेआर इस जीत से 11 अंक से सातवें स्थान पर है।
गिल और बटलर ने भले ही अर्धशतक जड़े हों लेकिन वे पारी के दौरान जीत दिलाने के लिए लय हासिल नहीं कर सके जिससे टीम के लिए लक्ष्य पहाड़ जैसा बन गया।
गिल के आउट होने के बाद सुदर्शन खेलने आए, उन्होंने 28 गेंद में नाबाद 53 रन बनाए लेकिन टीम को जीत तक नहीं ले जा सके।
आखिरी चार ओवर में गुजरात टाइटन्स को जीत के लिए 71 रन की दरकार थी। लेकिन क्रीज पर मौजूद बल्लेबाज वैसी धमाकेदार बल्लेबाजी नहीं कर सकी जैसी केकेआर के लिए एलन ने की थी।
गिल की शानदार पारी का अंत सुनील नारायण (29 रन देकर दो विकेट) ने किया जिनकी गेंद पर फाइन लेग पर खड़े अनुकूल रॉय ने एक बेहतरीन कैच लपका।
एलन की जगह ‘इम्पैक्ट सब’ के तौर पर केकेआर लिए अपना पदार्पण करने आए मथीशा पाथिराना को अपने दूसरे ओवर के दौरान हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई थी।
सुदर्शन जब दोबारा बल्लेबाजी करने आए तो उन्होंने कार्तिक त्यागी के एक ओवर में 21 रन बनाकर उम्मीदें जगा दीं। बटलर ने भी इस तेज गेंदबाज़ के खिलाफ एक चौका और एक छक्का लगाकर शानदार अंदाज में अपना अर्धशतक पूरा किया।
लेकिन 19वें ओवर में बटलर के आउट होते ही जीत की उम्मीदें लगभग खत्म हो गईं इससे केकेआर ने अपने घरेलू मैदान पर वापसी करते हुए एक अहम जीत हासिल की।
इससे पहले एलन जब 14 और 33 रन पर थे तब उनका कैच छूटा, उन्होंने पारी के दौरान 10 छक्के और चार चौके लगाए जिससे उनकी पारी के 86 रन सिर्फ बाउंड्री से ही बने।
एलन और रघुवंशी ने दूसरे विकेट के लिए 41 गेंद में 95 रन की भागीदारी निभाई।
गुजरात टाइटन्स ने इस पारी में कुल चार कैच छोड़े और केकेआर के तीनों बल्लेबाजों ने इसका फायदा उठाया।
रघुवंशी को 52 रन के स्कोर पर वॉशिंगटन सुंदर ने जीवनदान दिया। ग्रीन जब 23 रन पर थे तब अरशद खान ने राशिद खान की गेंद पर उनका कैच छोड़ दिया।
बारिश के बाद कवर के नीचे रही पिच पर कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और उसकी गेंदबाजी इकाई को काफी संघर्ष करना पड़ा।
केकेआर की तेज तर्रार बल्लेबाजी के दौरान खराब क्षेत्ररक्षण ने उसकी मुश्किलें और बढ़ा दीं।
इस ‘करो या मरो’ वाले मैच में एलन की धमाकेदार पारी ने बड़े स्कोर की नींव रखी जिससे घरेलू टीम नौ ओवरों में ही 100 रन तक पहुंच गई। इसके बाद ग्रीन और रघुवंशी की जोड़ी ने मिलकर सिर्फ आठ ओवरों में ही स्कोर को 200 तक पहुंचा दिया।
एलन जब 14 रन पर थे तब मोहम्मद सिराज की गेंद पर कवर में जेसन होल्डर के हाथों से कैच छूट गया। गेंद उनकी उंगलियों से छूने के बावजूद बाहर निकल गई। इसके बाद एलन ने कागिसो रबाडा की गेंदबाजी पर जमकर हमला किया। उन्होंने लगातार दो छक्के जड़े और सिर्फ 11 गेंद में ही 28 रन के स्कोर तक पहुंच गए।
एक छोर से एलन का दबदबा कायम था, वहीं अजिंक्य रहाणे अपनी 14 गेंदों में 14 रनों की संघर्षपूर्ण पारी के दौरान कभी भी सहज नहीं दिखे। आखिरकार सिराज ने उन्हें क्लीन बोल्ड कर दिया।
रहाणे के आउट होने के बाद पावरप्ले में थोड़ी देर के लिए रन बनाने की गति धीमी हो गई थी, लेकिन फिर एलन को एक और मौका मिल गया। होल्डर की गेंद पर सिराज ने लांग ऑन पर एक आसान सा कैच छोड़ दिया।
फिर एलन ने पूरी लय में आ गए। उन्होंने तेज और स्पिन, दोनों पर एक जैसा प्रदर्शन किया। राशिद का स्वागत दो छक्कों और एक चौके से किया गया और एलन ने तूफ़ानी अंदाज में महज 21 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया।
रघुवंशी ने एक बेहतरीन सहायक की भूमिका निभाई। इस युवा बल्लेबाज ने रबाडा की गेंद पर विकेटकीपर के ऊपर से एक शानदार स्कूप शॉट खेलकर अपनी पारी की शुरुआत की।
ऐसा लग रहा था कि एलन इस सत्र में अपना दूसरा आईपीएल शतक बनाने जा रहे हैं, लेकिन तभी राशिद ने साई किशोर की गेंद पर डीप मिडविकेट पर एक शानदार कैच लपककर इस तूफानी बल्लेबाज की रफ्तार थाम दी।
फिर ग्रीन ने यह सुनिश्चित किया कि आखिरी ओवरों में भी रन बनाने की गति धीमी नहीं पड़े। इस ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ने तीन छक्के जड़कर गुजरात टाइटन्स की गेंदबाजी की धज्जियां उड़ा दीं और रघुवंशी ने भी उनका बखूबी साथ निभाया।
भाषा नमिता
नमिता