नयी दिल्ली, 24 अप्रैल (भाषा) भारतीय घुड़सवार अनुष अग्रवाला ने जर्मनी के हागेन में आयोजित प्रतिष्ठित सीडीआई हागेन ड्रेसाज प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया है।
उन्होंने अपनी अनुभवी घोड़ी फ्लोरियाना के साथ 70.94 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
अग्रवाला और फ्लोरियाना ने एक बेहद संतुलित, सधी हुई और प्रभावशाली प्रस्तुति दी। उन्होंने तकनीकी सटीकता, तालमेल और कलात्मक प्रस्तुति से अंतरराष्ट्रीय जजों को प्रभावित किया।
अग्रवाला ने अपनी उपलब्धि पर कहा, “सीडीआई हागेन का यह परिणाम फ्लोरियाना के साथ मेरी बेहतरीन साझेदारी का प्रमाण है। मुझे खुशी है कि हमने अपने अभ्यास के अनुसार प्रदर्शन किया। भारत का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए गर्व की बात है और मैं इस लय को आगे भी बनाए रखना चाहता हूं।”
यह रजत पदक अग्रवाला की अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग को और मजबूत करेगा और आगामी एफईआई प्रतियोगिताओं के लिए एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
भाषा आनन्द
आनन्द