तीरंदाजी विश्व कप: भारतीय रिकर्व टीमें क्वार्टर फाइनल में हारीं

Ads

तीरंदाजी विश्व कप: भारतीय रिकर्व टीमें क्वार्टर फाइनल में हारीं

  •  
  • Publish Date - July 9, 2026 / 08:54 PM IST,
    Updated On - July 9, 2026 / 08:54 PM IST

मैड्रिड, नौ जुलाई (भाषा) भारतीय रिकर्व टीमें तीरंदाजी विश्व कप चरण चार में अपनी ऊंची वरीयता के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाईं और बृहस्पतिवार को यहां अमेरिका से हारकर पुरुष और महिला दोनों वर्गों के क्वार्टर फाइनल से बाहर हो गईं।

अब सभी की नजरें रिकर्व मिश्रित स्पर्धा पर होंगी जहां धीरज पहली बार कीर्ति शर्मा के साथ जोड़ी बनाएंगे। धीरज ने पिछले महीने अंताल्या विश्व कप में कुमकुम मोहोद के साथ स्वर्ण पदक जीता था।

दूसरी वरीयता हासिल करने वाली धीरज और कीर्ति की जोड़ी राउंड ऑफ 16 से अपना अभियान शुरू करेगी और पदक के लिए उन्हें तीन जीत की जरूरत होगी।

अनुभवी और चार बार की ओलंपियन दीपिका कुमारी दूसरे दौर में बाहर हो गईं जबकि एशियाई खेलों की टीम में शामिल यशदीप भोगे शुरुआती दौर में ही हार गए। पुरुष और महिला वर्गों में बाकी छह तीरंदाज अपने-अपने व्यक्तिगत वर्ग में बने हुए हैं।

भारत ने कंपाउंड वर्ग में पहले ही एक पदक पक्का कर लिया है क्योंकि महिला टीम फाइनल में पहुंच गई है।

धीरज बोम्मादेवरा, नीरज चौहान और यशदीप भोगे की दूसरी वरीय पुरुष रिकर्व टीम का प्रदर्शन सातवीं वरीय अमेरिकी टीम के खिलाफ खराब रहा और भारतीय टीम सीधे सेट में 0-6 (53-56, 55-59, 56-58) से हार गई।

कई बार के ओलंपिक पदक विजेता ब्रैडी एलिसन की अगुवाई वाली अमेरिकी तिकड़ी ने शुरुआत से ही दबाव बनाया क्योंकि भारत शुरुआती सेट में सात और आठ के स्कोर के साथ लड़खड़ा गया।

इसके बाद अमेरिकी टीम ने छह तीरों में से पांच बार परफेक्ट 10 का स्कोर करके 4-0 की मजबूत बढ़त बना ली और फिर एक और शानदार प्रदर्शन के साथ सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।

दूसरी ओर अंकिता भकत, कीर्ति और कुमकुम की महिला टीम को कड़ी चुनौती पेश करने के बावजूद अमेरिकी टीम के खिलाफ 2-6 (52-52, 54-55, 54-54, 51-56) से शिकस्त का सामना करना पड़ा।

व्यक्तिगत वर्ग में भारत के पास अच्छे मौके हैं जहां अंताल्या विश्व कप चैंपियन धीरज को दूसरी वरीयता मिली है और वह आठवें वरीय वाले नीरज चौहान और 26वें वरीय अनुभवी अतनु दास के साथ राउंड ऑफ 32 से शुरुआत करेंगे।

महिला वर्ग में उभरती हुई तीरंदाज कीर्ति को चौथी वरीयता मिली है। वह कुमकुम (14वीं) और अंकिता भकत (15वीं) के साथ राउंड ऑफ 32 से शुरुआत करेंगी।

सोलहवीं वरीय दीपिका को दूसरे दौर में निराशाजनक हार का सामना करना पड़ा। वह शूट-ऑफ में पोलैंड की करीना कोजलोवस्का से 5-6 (9-10) से हार गईं।

भाषा सुधीर नमिता

नमिता

ताजा खबर