(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, नौ जुलाई (भाषा) अमेरिका के वाशिंगटन प्रांत में कथित तौर पर दूसरी महिला के साथ संबंधों के कारण एक भारतीय नागरिक (30) पर अपनी पत्नी की हत्या करने का आरोप लगाया गया है। आरोपी की पत्नी की मौत के लगभग नौ महीने बाद उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। यह जानकारी स्थानीय मीडिया की खबरों से मिली।
किंग काउंटी अभियोजन कार्यालय ने एक जुलाई को अविनाश नार्ने पर प्रथम श्रेणी की हत्या का आरोप लगाया।
स्थानीय मीडिया की खबर के अनुसार, जून के अंतिम सप्ताह में गिरफ्तार किया गया नार्ने न्यायिक हिरासत में है। अभियोजन पक्ष का आरोप है कि उसका भारत में एक महिला के साथ गुप्त प्रेम संबंध था जिसे उसने अपनी पत्नी के शव की तस्वीरें व्हाट्सएप पर भेजी थीं।
अभियोजकों का आरोप है कि नार्ने ने अपनी पत्नी का गला घोंटा और पुलिस के पहुंचने से पहले वाशिंगटन प्रांत के बेलेव्यू स्थित अपने घर में घटनास्थल को इस तरह से तैयार किया कि मामला कुछ और लगे।
पुलिस को सूचित किया गया था कि 27 वर्षीय राजिता सब्बिनेनी और नार्ने की कुछ महीने पहले ही पारंपरिक तरीके से शादी हुई थी। सब्बिनेनी का शव घर के एक बंद बाथरूम में मिला था।
अदालती दस्तावेजों के अनुसार, पिछले वर्ष 27 अक्टूबर को नार्ने ने आपातकालीन सेवा नंबर ‘911’ पर फोन कर बताया कि उसकी पत्नी बाथरूम में बंद है और कोई जवाब नहीं दे रही है। इसके बाद पुलिस अधिकारियों को वुडलैंड कॉमन्स अपार्टमेंट भेजा गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने सब्बिनेनी को बाथरूम के फर्श पर मृत पाया। चिकित्सकों ने उसे घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया।
अमेजन कंपनी में कार्यरत नार्ने ने कथित तौर पर पुलिस से कहा कि वह घर लौटा तो उसने यह स्थिति देखी। सब्बिनेनी की मौत से लगभग चार महीने पहले दोनों का पारंपरिक तरीके से विवाह हुआ था।
बाद में किंग काउंटी मेडिकल एग्जामिनर कार्यालय ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि सब्बिनेनी की मौत गला घोंटने से दम घुटने के कारण हुई। इसके बाद बेलेव्यू पुलिस ने संदिग्ध मौत के मामले को हत्या की जांच में बदल दिया।
पुलिस का कहना है कि नार्ने का भारत की एक महिला के साथ गुप्त प्रेम संबंध था।
हालांकि, नार्ने ने अपनी पत्नी की मौत में किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार किया है, लेकिन पुलिस ने संभावित कारण संबंधी दस्तावेजों में व्हाट्सऐप संदेशों और दरवाजे के लॉक संबंधी रिकॉर्ड को साक्ष्य के रूप में शामिल किया है।
जांचकर्ताओं के अनुसार, महिला की मौत के दौरान नार्ने के अलावा कोई अन्य व्यक्ति दंपति के अपार्टमेंट में नहीं आया था।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, पुलिस ने नार्ने के मोबाइल फोन, गूगल, व्हाट्सऐप और इंस्टाग्राम अकाउंट की जांच की, जिनसे भारत की एक महिला के साथ उसके कथित तौर पर गुप्त प्रेम संबंधों का पता चला।
आरोप है कि पत्नी से विवाह के बाद भी नार्ने दूसरी महिला के साथ नियमित रूप से संपर्क में रहा और उससे अपने प्रेम का इजहार करता रहा तथा उसके साथ रहने की इच्छा जताता रहा।
आरोप है कि पत्नी की मौत के अगले दिन भी नार्ने ने व्हाट्सऐप के माध्यम से उस महिला से संपर्क किया।
हलफनामे में कहा गया है, ‘‘इसके अलावा, ऐसा प्रतीत होता है कि अविनाश ने उस महिला को एक संदेश भेजा था, जिसे बाद में हटा दिया। महिला ने हटाए गए संदेश के जवाब में ‘घूरती आंखों’ वाला इमोजी भेजा।’’
भाषा अमित अविनाश
अविनाश