लंदन, नौ जुलाई (भाषा) दक्षिण लंदन में एक ऊंची इमारत से गिरकर भारतीय मूल के एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत के मामले की जांच इस सप्ताह शुरू हो गई।
संदिग्ध आत्महत्या के मामले में जान गंवाने वालों में 46 साल की अदिति विजय पारलकर, 47 साल के राकेश नारायण पाई और उनका नौ वर्षीय बेटा सिड रेने पाई-पारलकर शामिल हैं।
मेट्रोपॉलिटन पुलिस इस घटना की जांच कर रही है।
ब्रिटेन की राजधानी के एलिफेंट एंड कैसल क्षेत्र में एक रिहायशी टावर की 36वीं मंज़िल से परिवार के गिरने की घटना 27 मई को हुई थी।
लंदन इनर साउथ कोरोनर अदालत की सहायक कोरोनर मिशेल हेस्ट ने कहा, ‘‘मैं इस बात से पूरी तरह सहमत हूँ कि पुलिस को इन दुखद मौतों की जांच जारी रखने के लिए पर्याप्त समय दिया जाए।’’
भाषा नेत्रपाल माधव
माधव