एशियाई कप क्वालीफायर: जमील ने सिंगापुर के लिए भारतीय टीम की घोषणा की

Ads

एशियाई कप क्वालीफायर: जमील ने सिंगापुर के लिए भारतीय टीम की घोषणा की

  •  
  • Publish Date - October 5, 2025 / 09:59 PM IST,
    Updated On - October 5, 2025 / 09:59 PM IST

बेंगलुरु, पांच अक्टूबर (भाषा) भारतीय सीनियर पुरुष राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच खालिद जमील ने सिंगापुर के खिलाफ आगामी एशियाई कप क्वालीफायर मैच के लिए रविवार को अपनी 23 सदस्यीय टीम में करिश्माई खिलाड़ी सुनील छेत्री और स्टार डिफेंडर संदेश झिंगन को शामिल किया।

इस साल की शुरुआत में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेकर वापसी करने वाले 41 वर्षीय छेत्री को अगस्त-सितंबर में सीएएफए नेशंस कप के लिए आराम दिया गया था लेकिन वह नौ अक्टूबर को ग्रुप सी मैच के लिए सिंगापुर जाएंगे।

झिंगन को एक सितंबर को ताजिकिस्तान के हिसोर में सीएएफए नेशंस कप में ईरान के खिलाफ भारत के ग्रुप मैच के दौरान चोट लग गई थी।

सिंगापुर के खिलाफ मैच तैयारी के लिए खिलाड़ी 20 सितंबर से बेंगलुरु में ट्रेनिंग कर रहे हैं। टीम सोमवार को सिंगापुर के लिए रवाना होगी और इस मुकाबले का घरेलू चरण 14 अक्टूबर को गोवा के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होगा।

भारत फिलहाल दो मैचों में एक अंक के साथ सबसे निचले पायदान पर है जबकि सिंगापुर इतने ही मैचों में चार अंक हासिल करके ग्रुप में शीर्ष पर है। ग्रुप में शीर्ष पर रहने वाली टीम एएफसी एशियाई कप सऊदी अरब 2027 के लिए क्वालीफाई करेगी।

टीम :

गोलकीपर: अमरिंदर सिंह, गुरुमीत सिंह, गुरप्रीत सिंह संधू।

डिफेंडर: अनवर अली, ह्मिंगथनमाविया राल्टे, मुहम्मद उवैस, प्रमवीर, राहुल भेके, संदेश झिंगन।

मिडफील्डर: ब्रैंडन फर्नांडीस, दानिश फारूक भट, दीपक टांगरी, मैकर्टन लुइस निकसन, महेश सिंह नाओरेम, निखिल प्रभु, सहल अब्दुल समद, उदंता सिंह कुमम।

फॉरवर्ड: फारुख चौधरी, लालियानजुआला चांग्ते, लिस्टन कोलाको, रहीम अली, सुनील छेत्री, विक्रम प्रताप सिंह।

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द