नयी दिल्ली, 10 फरवरी (भाषा) भारत की आकृति दहिया और अंजुम मौदगिल ने एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप के महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन (3पी) स्पर्धा में मंगलवार को यहां क्रमशः रजत और कांस्य पदक जीता।
इस स्पर्धा में कजाकिस्तान की सोफिया शुलझेंको ने कर्णी सिंह परिसर में नया विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। सोफिया ने 35 शॉट के फाइनल में 358.2 अंक हासिल किए, जो रजत पदक विजेता आकृति दहिया से चार अंक अधिक थे। विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता अंजुम मौदगिल ने 340.4 अंक के साथ कांस्य पदक जीता।
सोफिया के इस स्कोर के साथ तीन नये रिकॉर्ड विश्व जूनियर, एशियाई और एशियाई जूनियर कायम किये।
जूनियर महिलाओं की 3पी स्पर्धा में भारत की प्राची गायकवाड़ ने 353.3 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता। 14 वर्षीय कजाकिस्तान की निशानेबाज टोमिरिस अमानोवा ने 351.4 अंक के साथ रजत पदक हासिल किया, जबकि भारत की अनुष्का ठाकुर ने 341.1 अंक के साथ कांस्य पदक जीता।
प्राची, अनुष्का और हेजल की तिकड़ी ने टीम स्पर्धा में 1748 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता, जो कजाकिस्तान से सात अंक अधिक था। सीनियर महिला 3पी टीम स्पर्धा में कजाकिस्तान ने 1760 अंकों के साथ भारत को चार अंकों से पीछे छोड़ते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।
पुरुषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा में भारत के आदर्श सिंह ने प्रिसीजन चरण के बाद 291 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। अनीश भानवाला 287 अंकों के साथ फाइनल की दौड़ में बने हुए हैं, जबकि नीरज कुमार के नाम 277 अंक है। उन्हें फाइनल की दौड़ में शामिल होने के लिए बुधवार को बेहतर प्रदर्शन की जरूरत होगी।
टूर्नामेंट में भारत 39 स्वर्ण, 15 रजत और 12 कांस्य पदक के साथ तालिका में शीर्ष पर है।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता