जम्पा के चार विकेट से आस्ट्रेलिया ने ओमान को 104 रन पर आउट किया
जम्पा के चार विकेट से आस्ट्रेलिया ने ओमान को 104 रन पर आउट किया
पाल्लेकल, 20 फरवरी (भाषा) अनुभवी लेग स्पिनर एडम जम्पा के चार विकेट की मदद से आस्ट्रेलिया ने टी20 विश्व कप के अपने आखिरी ग्रुप मैच में शुक्रवार को ओमान को 104 रन पर आउट कर दिया ।
जम्पा ने 21 रन देकर चार विकेट लिये जबकि जेवियर बार्टलेट और ग्लेन मैक्सवेल को दो दो विकेट मिले । ओमान की टीम 16 . 2 ओवर में आउट हो गई ।
वसीम अली ने ओमान के लिये 33 गेंद में 32 रन बनाये ।
सुपर आठ की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी आस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया और पहली ही गेंद पर बार्टलेट ने आमिर कलीम का विकेट ले लिया ।
अगली चार गेंदों पर रन नहीं बने जिसके बाद करण सोनावले ने मिडआन पर चौका लगाकर ओमान का खाता खोला ।
आखिरी गेंद पर ग्लेन मैक्सवेल ने स्लिप में करण का कैच टपकाया । ओमान के कप्तान जतिंदर सिंह ने अगले ओवर में मार्कस स्टोइनिस को चौका लगाया और बार्टलेट को भी इसके बाद चौका जड़ा ।
करण ने नाथन एलिस का स्वागत चौके के साथ किया । एलिस ने हालांकि अगली ही गेंद पर सफलता हासिल की और कट शॉट खेलने के प्रयास में करण विकेट गंवा बैठे ।
जतिंदर ने कवर प्वाइंट के बीच से बार्टलेट को चौका जड़ा लेकिन अगली शानदार गेंद पर चकमा खा गए और फुटवर्क का इस्तेमाल किये बिना विकेट गंवा बैठे । ओमान ने पांच ओवर में 39 रन पर तीन विकेट गंवा दिये थे ।
हम्माद मिर्जा ने कैमरन ग्रीन को प्वाइंट के ऊपर से चौका लगाया जिससे पावरप्ले के आखिर में ओमान का स्कोर तीन विकेट पर 47 रन था ।
बार्टलेट को मिर्जा और वसीम अली ने चौके लगाये जिसके बाद अनुभवी लेग स्पिनर जम्पा को गेंद सौंपी गई । उन्होंने पहले ही ओवर में मिर्जा का विकेट चटकाया । मैक्सवेल ने इसके बाद कैच छोड़ने की गलती की भरपाई करते हुए दो विकेट लिये ।
भाषा मोना आनन्द
आनन्द

Facebook


