श्रीलंका के खिलाफ महत्वपूर्ण मैच में स्मिथ को टीम में शामिल कर सकता है ऑस्ट्रेलिया

श्रीलंका के खिलाफ महत्वपूर्ण मैच में स्मिथ को टीम में शामिल कर सकता है ऑस्ट्रेलिया

श्रीलंका के खिलाफ महत्वपूर्ण मैच में स्मिथ को टीम में शामिल कर सकता है ऑस्ट्रेलिया
Modified Date: February 15, 2026 / 12:41 pm IST
Published Date: February 15, 2026 12:41 pm IST

पल्लीकल (श्रीलंका), 15 फरवरी (भाषा) चोटिल खिलाड़ियों की समस्या से जूझ रही ऑस्ट्रेलिया की टीम श्रीलंका के खिलाफ सोमवार को यहां होने वाले टी20 विश्व कप ग्रुप बी के महत्वपूर्ण मुकाबले में बिना किसी अगर मगर के सुपर आठ में पहुंचने की अपनी उम्मीद जीवित रखने के लिए अनुभवी स्टीव स्मिथ को टीम में शामिल करने पर विचार कर सकती है।

पिछले मैच में जिम्बाब्वे से 23 रन की हार के बाद ऑस्ट्रेलिया पर टूर्नामेंट से जल्दी बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। अब उन्हें सुपर आठ में पहुंचने के लिए ओमान और श्रीलंका के खिलाफ अपने दोनों ग्रुप मैचों में जीत हासिल करनी होगी, ताकि वे अन्य टीमों परिणामों पर निर्भर न रहें।

ऑस्ट्रेलिया फिलहाल ग्रुप तालिका में दो मैचों में दो अंक के साथ तीसरे स्थान पर है। कुछ प्रमुख खिलाड़ियों की अनुपस्थिति में खेल रही 2021 की चैंपियन टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ शीर्ष क्रम के नाटकीय पतन के बाद 146 रन पर आउट हो गई थी।

कप्तान मिचेल मार्श चोटिल होने के कारण लगातार दूसरे मैच में नहीं खेल पाए। स्मिथ को मार्श के कवर के तौर पर टीम में शामिल किया गया है। इस 36 वर्षीय खिलाड़ी को हालांकि अभी तक आधिकारिक तौर पर 15 सदस्यीय टीम में शामिल नहीं किया गया है।

ऑस्ट्रेलिया उन्हें बिना किसी खिलाड़ी को बदले टीम में शामिल कर सकता है, क्योंकि तेज गेंदबाज जोश हेज़लवुड के चोट के कारण बाहर होने के बाद उनके पास एक स्थान खाली है।

स्पिन के खिलाफ स्मिथ का अच्छा रिकॉर्ड और इस प्रारूप में उनका हाल का शानदार प्रदर्शन टीम में शामिल किए जाने पर ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी को मजबूती प्रदान कर सकता है।

ऑस्ट्रेलिया के लिए यह राहत की बात है कि ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस को पिछले मैच में अपने बाएं हाथ पर लगी चोट के बाद फिट घोषित कर दिया गया है।

ऑस्ट्रेलिया को संन्यास ले चुके मिचेल स्टार्क, चोटिल पैट कमिंस और हेज़लवुड की तेज गेंदबाजी तिकड़ी की कमी भी महसूस हो रही है।

नाथन एलिस ने प्रभावित किया है लेकिन बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बेन ड्वार्शियस और जेवियर बार्टलेट महंगे साबित हुए हैं।

लेकिन अगर कोई टीम हालात को पलट सकती है तो वह ऑस्ट्रेलिया है। ऑस्ट्रेलिया की इस टीम को भारत में हुए 2023 वनडे विश्व कप के दौरान भी ऐसी ही स्थिति का सामना करना पड़ा था। उस समय भी श्रीलंका के खिलाफ मिली जीत ने उनके लिए हालात बदल दिए, जिसके बाद उन्होंने फाइनल समेत नौ मैच जीतकर ट्रॉफी अपने नाम की थी।

जिम्बाब्वे से हार के बाद कार्यवाहक कप्तान ट्रैविस हेड ने कहा था, ‘‘हम पहले भी ऐसी स्थिति का सामना कर चुके हैं। हमने 2023 में कुछ हार और चोटों के कारण पहले भी इस तरह की स्थिति देखी है। हमारे पास यहां कुछ ऐसे खिलाड़ी हैं जो 2023 में भारत में खेल चुके हैं और हम इस स्थिति से निपटने और उस रणनीति का उपयोग करने की कोशिश करेंगे।’’

दूसरी ओर सह-मेजबान श्रीलंका ओमान और आयरलैंड के खिलाफ आसान जीत के साथ ग्रुप में शीर्ष पर है।

हालांकि उसे भी एक झटका लगा है। उसके स्टार स्पिनर वानिंदु हसरंगा हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।

उनकी अनुपस्थिति में श्रीलंका घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाने के लिए महेश तीक्षना और बाएं हाथ के स्पिनर दुनीत वेलालेज पर काफी हद तक निर्भर रहेगा।

टीम इस प्रकार हैं:

ऑस्ट्रेलिया: मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, कूपर कॉनॉली, टिम डेविड, बेन ड्वार्शियस, कैमरन ग्रीन, नाथन एलिस, जोश हेज़लवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहनेमैन, ग्लेन मैक्सवेल, मैथ्यू रेनशॉ, मार्कस स्टोइनिस, एडम ज़म्पा, स्टीव स्मिथ (मिचेल मार्श के कवर के रूप में)।

श्रीलंका: दासुन शनाका (कप्तान), पथुम निसांका, कामिल मिशारा, कुसल मेंडिस, कामिंडु मेंडिस, कुसल जेनिथ परेरा, चैरिथ असलांका, जेनिथ लियानागे, पवन रथनायके, डुनिथ वेललागे, महेश तीक्षना, दुष्मंथा चमीरा, मथीशा पथिराना, प्रमोद मदुशन, दुशान हेमंथा।

मैच भारतीय समयानुसार शाम सात बजे शुरू होगा।

भाषा

पंत

पंत


लेखक के बारे में