बैडमिंटन जगत एक्सेलसन को खेल के महानतम खिलाड़ी के रूप में याद रखेगा: लक्ष्य

Ads

बैडमिंटन जगत एक्सेलसन को खेल के महानतम खिलाड़ी के रूप में याद रखेगा: लक्ष्य

  •  
  • Publish Date - April 15, 2026 / 04:16 PM IST,
    Updated On - April 15, 2026 / 04:16 PM IST

नयी दिल्ली, 15 अप्रैल (भाषा) भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने दो बार के ओलंपिक चैंपियन विक्टर एक्सेलसन के संन्यास की घोषणा के बाद एक भावुक संदेश में कहा कि बैडमिंटन जगत उन्हें ‘खेल के इतिहास के महानतम खिलाड़ियों में से एक’ के रूप में याद रखेगा।

एक्सेलसन ने लगातार पीठ के दर्द से जूझने के कारण बुधवार को संन्यास की घोषणा कर दी। डेनमार्क के इस 32 वर्षीय खिलाड़ी ने तोक्यो और पेरिस ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीते थे जबकि 2017 और 2022 में वह विश्व चैंपियन बने थे।

लक्ष्य ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया, ‘‘बैडमिंटन आपके जैसे खिलाड़ी को पाकर धन्य है और आपको इस खेल के महानतम खिलाड़ियों में से एक के रूप में याद रखेगा। जो चीज आपको वास्तव में सबसे अलग बनाती है, वह यह है कि आप एक बहुत अच्छे इंसान हैं। आपको भविष्य के लिए शुभकामनाएं।’’

लक्ष्य के गुरु और पूर्व भारतीय कोच विमल कुमार ने कहा कि एक्सेलसन के संन्यास लेने से इस खेल में बड़ा शून्य पैदा हो गया है।

उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘‘विक्टर एक्सेलसन का पीठ की समस्या के कारण के खेल से संन्यास लेने की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है। एक महीने पहले जब मेरी उनसे आखिरी बार बात हुई थी, तब उन्होंने अपनी रिकवरी और सर्जरी के बाद सुधार न होने को लेकर चिंता व्यक्त की थी। लेकिन तब मैंने कल्पना भी नहीं की थी कि उन्हें इतना कड़ा फैसला करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।’’

उन्होंने उम्मीद जताई कि विश्व बैडमिंटन महासंघ एक्सलसेन को कोई महत्वपूर्ण भूमिका सौंपेगा।

विमल ने कहा, ‘‘व्यक्तिगत तौर पर मुझे लगता है कि यह खेल के लिए ही एक नुकसान है। मुझे पूरी उम्मीद है कि विश्व बैडमिंटन महासंघ विक्टर को खेल में बड़ी भूमिका देने पर विचार करेगा।’’

भाषा

पंत मोना

मोना