मैड्रिड, 18 मई (एपी) स्पेनिश चैंपियन बार्सिलोना ने रविवार को रियाल बेटिस पर 3-1 की जीत के साथ घरेलू मैदान पर अपना शानदार रिकार्ड बरकरार रखा और अपने स्टार खिलाड़ी रॉबर्ट लेवांडोव्स्की को यादगार विदाई दी।
बार्सिलोना ने अपने घरेलू मैदान कैंप नोउ में इस सत्र में खेले गए ला लिगा फुटबॉल टूर्नामेंट के सभी 19 मैच जीते। यह उसका अपने घरेलू मैदान पर इस सत्र का आखिरी मैच था।
राफिन्हा के दो गोल और जोआओ कैंसलो के एक गोल ने स्पेनिश लीग में बार्सिलोना को घरेलू मैदान पर अजेय बनाए रखा। बार्सिलोना ने दो दौर पहले ही लगातार दूसरी बार लीग खिताब अपने नाम कर लिया था। अभी एक दौर के मैच खेले जाने बाकी हैं।
बार्सिलोना ने शनिवार को घोषणा की थी कि 37 वर्षीय लेवांडोव्स्की चार सत्र के बाद क्लब छोड़ रहे हैं।
इसी तरह से एंटोनी ग्रिज़मैन ने मेजर लीग सॉकर में खेलने के लिए अमेरिका जाने से पहले मेट्रोलिटानो स्टेडियम में एटलेटिको मैड्रिड के प्रशंसकों को अलविदा कहा। एटलेटिको ने गिरोना को 1-0 से हराया।
लेवांडोव्स्की ने बार्सिलोना को चार सत्र में तीन स्पेनिश लीग खिताब जीतने में मदद की। उनके रहते हुए क्लब ने कोपा डेल रे का खिताब भी जीता। उन्होंने बार्सिलोना की तरफ से 192 मैचों में 119 गोल किए।
पोलैंड के स्ट्राइकर के लिए यह एक भावुक विदाई थी, जिन्हें मैच के बाद उनके साथियों ने हवा में उछाल दिया। लेवांडोव्स्की के लॉकर रूम की ओर जाते समय उनके साथी खिलाड़ी कतार में खड़े होकर तालियां बजाने लगे।
लेवांडोव्स्की ने कहा, ‘‘इस क्लब के लिए खेलना मेरे लिए सम्मान की बात रही है। इन चार वर्ष में हमने कई शानदार पल साथ में बिताए। हमने मिलकर जो कुछ भी हासिल किया है, उस पर मुझे बहुत गर्व है। आज मैं अलविदा कह रहा हूं, लेकिन बार्सिलोना हमेशा मेरे दिल में रहेगा।’’
इस बीच काइलिन एमबाप्पे ने रियाल मैड्रिड की तरफ से शुरुआत की। विनीसियस जूनियर के गोल की मदद से रियाल मैड्रिड ने इस मैच में सेविला को 1-0 से हराया। उसकी टीम ने पहले ही दूसरा स्थान पक्का कर लिया था।
एपी
पंत
पंत