छेत्री और रॉय कृष्णा ने दिलाई बेंगलुरू को जमशेदपुर पर जीत

छेत्री और रॉय कृष्णा ने दिलाई बेंगलुरू को जमशेदपुर पर जीत

छेत्री और रॉय कृष्णा ने दिलाई बेंगलुरू को जमशेदपुर पर जीत
Modified Date: November 29, 2022 / 08:13 pm IST
Published Date: August 17, 2022 5:33 pm IST

कोलकाता, 17 अगस्त (भाषा) सुनील छेत्री और रॉय कृष्णा के गोल की मदद से बेंगलुरू एफसी ने दूसरे हॉफ में अधिकतर समय 10 खिलाड़ियों के साथ खेलने के बावजूद डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट में बुधवार को यहां जमशेदपुर एफसी को 2-1 से हराया।

डूरंड कप खिताब जीतने की कवायद में लगे बेंगलुरू एफसी ने अच्छी शुरुआत की। छेत्री ने 23वें मिनट में प्रबीर दास की कॉर्नर किक पर गोल करके अपनी टीम को बढ़त दिलाई।

इसके बाद छेत्री और कृष्णा की जोड़ी ने मिलकर बेंगलुरू एफसी का स्कोर 2-0 कर दिया। पूर्व में मोहन बागान की तरफ से खेलने वाले कृष्णा ने छेत्री की मदद से 56वें मिनट में दूसरा गोल किया।

छेत्री के मैदान से बाहर जाने के बाद बेंगलुरु को कुछ विषम पलों का सामना करना पड़ा। इस बीच 59वें मिनट में हीरा मंडल को लाल कार्ड दिखाया गया जिसके बाद बेंगलुरु को 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा।

जमशेदपुर ने इसका तुरंत ही फायदा उठाया और वह डूरंड कप में अपना पहला गोल करने में सफल रहा। उसकी तरफ से यह गोल विकास सिंह की फ्री किक पर ऋषि ने किया।

भाषा पंत सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में