चिन्नास्वामी में क्रिकेट की वापसी, अफरा तफरी की बजाय शांत और व्यवस्थित दिखा स्टेडियम

Ads

चिन्नास्वामी में क्रिकेट की वापसी, अफरा तफरी की बजाय शांत और व्यवस्थित दिखा स्टेडियम

  •  
  • Publish Date - March 28, 2026 / 08:07 PM IST,
    Updated On - March 28, 2026 / 08:07 PM IST

बेंगलुरु, 28 मार्च (भाषा) कई महीनों की अनिश्चितता और विचार-विमर्श के बाद शनिवार को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के सत्र के शुरूआती मैच से क्रिकेट की वापसी हुई।

स्टेडियम की तैयारियां भी काफी अच्छी और संतोषजनक रहीं।

आरसीबी के चार जून 2025 को खिताबी जीत के जश्न के दौरान यहां मची भगदड़ में 11 प्रशंसकों की मौत हो गई थी। इस घटना ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में क्रिकेट मुकाबलों की मेजबानी करने की संभावनाओं को खतरे में डाल दिया था।

लेकिन वेंकटेश प्रसाद के नेतृत्व में नव-निर्वाचित कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) प्रशासन ने राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के साथ लगातार बैठकें कीं, ताकि स्टेडियम को मैचों की मेजबानी करने की अनुमति मिल सके।

आईपीएल मैच के लिए सभी संबंधित लोगों को तैयार करने के मकसद से 23 मार्च को दो ‘मॉक ड्रिल’ किए गए थे। इसके बावजूद थोड़ी घबराहट जरूर रही होगी क्योंकि मैच की स्थिति से निपटना एक बिल्कुल ही अलग और बड़ी चुनौती होती है।

लेकिन स्टेडियम के समीप कब्बन रोड और क्वींस रोड पर भीड़ की आवाजाही को नियंत्रित करने से लेकर स्टेडियम में अधिक अनुशासित प्रवेश सुनिश्चित करने तक शाम की शुरुआत काफी शांतिपूर्ण रही। स्टेडियम की तैयारियां भी काफी अच्छी और संतोषजनक रहीं।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘हमने स्टेडियम के बाहर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया है ताकि लोग गेट के पास इकट्ठे नहीं हो सकें। मैच शुरू होने से चार घंटे पहले ही स्टेडियम के गेट खोल दिए जाने से हमारा काम थोड़ा और आसान हो गया है। ’’

सड़कों पर तैनात पुलिसकर्मियों ने किसी को भी सड़क पर दो मिनट से ज्यादा देर तक खड़े नहीं रहने दिया और उन्हें अपने गेट की ओर आगे बढ़ने का आग्रह किया।

इस बार स्टेडियम से कुछ दूरी पर पार्किंग के लिए अधिक व्यवस्थित जगहें निर्धारित की गई थीं। उदाहरण के लिए गरुड़ मॉल और फ्रीडम पार्क जैसी जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था थी, जहां से खेल प्रेमी पैदल चलकर स्टेडियम तक जा सकते थे या फिर उन्हें वहां से स्टेडियम तक पहुंचाने की सुविधा (ड्रॉप) मिल सकती थी।

आरसीबी के लगभग 80 प्रतिशत टिकट ऑनलाइन बेचने के फैसले से मैच के दिन गेट के पास भीड़ कम हो गई। यह पिछले साल के मुकाबले बिल्कुल अलग था क्योंकि पहले आखिरी मिनट में टिकट ढूंढने वाले लोग स्टेडियम की ओर जाने वाली सड़कों पर ठसाठस भर जाते थे।

यहां तक कि जर्सी बेचने वाले और टैटू बनाने वालों की संख्या भी बहुत कम थी जो पहले घूमते रहते थे। उन्हें सड़कों के कुछ खास हिस्सों तक ही सीमित कर दिया गया था।

लेकिन चिन्नास्वामी स्टेडियम के आस-पास हर जगह एक बिल्कुल अलग तरह का अनुशासन देखने और महसूस करने को मिला जो पहले के माहौल से एकदम अलग था।

इसके बावजूद अपार उत्साह, मैदान पर जबरदस्त एक्शन और आरसीबी के खिलाड़ियों के लिए लोगों का समर्थन बिल्कुल भी नहीं बदला।

यह तब साफ दिखा जब विराट कोहली मैच से पहले अभ्यास के लिए मैदान में उतरे और लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। आरसीबी के खिलाड़ियों ने वार्म-अप के दौरान 11 नंबर की जर्सी पहनी थी जो भगदड़ में जान गंवाने वाले 11 लोगों की याद में थी। और स्टेडियम में 11 कुर्सियां भी खाली छोड़ी गई थीं।

टीम के साथ अधिकारियों और खिलाड़ियों ने इन 11 लोगों की याद में एक मिनट का मौन रखा। स्टेडियम के चारों ओर लगी स्क्रीन पर ‘हमेशा हमारे दिलों में’ लिखा हुआ दिख रहा था। इससे शाम का माहौल गंभीर और भावुक हो गया।

भाषा नमिता मोना

मोना