फरहान की अर्धशतकीय पारी से पाकिस्तान ने इंग्लैंड को दिया चुनौतीपूर्ण लक्ष्य

फरहान की अर्धशतकीय पारी से पाकिस्तान ने इंग्लैंड को दिया चुनौतीपूर्ण लक्ष्य

फरहान की अर्धशतकीय पारी से पाकिस्तान ने इंग्लैंड को दिया चुनौतीपूर्ण लक्ष्य
Modified Date: February 24, 2026 / 09:02 pm IST
Published Date: February 24, 2026 9:02 pm IST

पाल्लेकल, 24 फरवरी (भाषा) शानदार लय में चल रहे साहिबजादा फरहान की अर्धशतकीय पारी से पाकिस्तान ने मंगलवार को यहां टी20 विश्व कप के अपने ‘करो या मरो’ के सुपर आठ मुकाबले में धीमी पिच पर इंग्लैंड के खिलाफ नौ विकेट पर 164 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया।

फरहान ने 45 गेंदों में 63 रन बनाए, जिसमें सात चौके और दो छक्के शामिल थे। इंग्लैंड के स्पिन गेंदबाज़ों ने पाकिस्तान की पारी के अधिकांश हिस्से में सटीक लाइन-लेंथ रखी, लेकिन फरहान ने उनके खिलाफ धैर्य और आक्रामकता का संतुलन दिखाया।

बाएं हाथ के स्पिनर लियाम डॉसन इंग्लैंड के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 12 डॉट गेंद के साथ 24 रन देकर तीन विकेट लिए । उन्होंने 18वें ओवर में लगातार दो विकेट लेकर पाकिस्तान को 175 के आसपास पहुंचने से रोक दिया। उनकी गेंद पर उस्मान खान के शॉट को जेमी ओवरटन ने लपका और अगली ही गेंद पर मोहम्मद नवाज पगबाधा आउट हो गए।

फरहान और वापसी कर रहे फखर जमां (16 गेंदों पर 25 रन) के बीच चौथे विकेट के लिए 4.5 ओवर में 49 रन की तेज साझेदारी के बाद पाकिस्तान की पारी की रफ्तार कुछ धीमी पड़ गई।

फरहान ने स्पिनरों के खिलाफ स्वीप शॉट प्रभावी ढंग से खेले और ऑफ स्पिनर विल जैक्स को काउ कॉर्नर के ऊपर लंबा छक्का जड़ा। वहीं जमां ने कुछ दमदार शॉट लगाए, लेकिन आदिल रशीद की गूगली को पढ़ने में चूक गए और ओवरटन ने पीछे की ओर दौड़ते हुए शानदार कैच पकड़ उन्हें आउट किया।

ओवरटन (चार ओवर में 26 रन देकर दो विकेट) ने लगातार गेंदों पर छक्का और चौका खाने के बाद सटीक यॉर्कर पर फरहान को चकमा देकर पगबाधा किया।

इससे पहले सईम अयूब की तकनीक एक बार फिर जोफ्रा आर्चर (चार ओवर में 32 रन देकर दो विकेट) के खिलाफ उजागर हुई। तेज और शॉट गेंद पर पुल शॉट खेलने की कोशिश में वह सही टाइमिंग नहीं कर पाए और लेग स्क्वायर बाउंड्री के पास कैच दे बैठे।

कप्तान सलमान अली आगा का खराब टूर्नामेंट जारी रहा जब ओवरटन ने एक बेहतरीन कैच लेकर डॉसन को मैच की पहली सफलता दिलाई।

फरहान ने पावरप्ले के बाद अपने स्वाभाविक खेल पर कुछ नियंत्रण रखा, बाबर आजम (24 गेंदों पर 25 रन) एक बार फिर रन गति बढ़ाने में संघर्ष करते दिखे। दोनों ने 7.2 ओवर में 46 रन जोड़े, लेकिन बड़े शॉट्स नहीं लगे। बाबर ने दबाव कम करने के लिए ओवरटन पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की और बोल्ड हो गए।

शादाब खान (11 गेंद में 23 रन) ने आखिरी ओवरों में चार चौके जड़ टीम के स्कोर को 164 रन तक पहुंचाया।

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में