कोलकाता, 21 मई (भाषा) भारत ने लॉस एंजिलिस ओलंपिक में कंपाउंड तीरंदाजी के पदार्पण के मद्देनजर पूर्व विश्व चैम्पियन डेव कजिंस को कंपाउंड टीम का मुख्य कोच बनाया है और अमेरिका का यह पूर्व तीरंदाज अगले महीने अंताल्या में होने वाले विश्व कप के तीसरेचरण से दो सप्ताह पहले टीम से जुड़ेगा ।
इससे पहले अमेरिका में क्लब और प्रांत टीमों के कोच रह चुके डेव पहली बार अंतरराष्ट्रीय टीम के कोच बनेंगे ।
लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 में कंपांउंड तीरंदाजी का पदार्पण होने वाला है लेकिन सिर्फ मिश्रित टीम स्पर्धा ही होगी । इससे पहले भारतीय तीरंदाजी संघ ने इटली के महान तीरंदाज और भाररत के पूर्व कोच सर्जियो पाग्नी को लाने की कोशिश की लेकिन कामयाबी नहीं मिली ।
महासंघ के कोषाध्यक्ष डॉक्टर जोरिस पाउलोस ने पीटीआई को बताया ,‘‘ डेव कंपाउंड कोच के रूप में आ रहे हैं और बस कुछ कागजी कार्रवाई बाकी है । यह नियुक्ति ओलंपिक तक के लिये है । वह पूर्णकालिक कोच होंगे ।’’
समझा जाता है कि उन्हें 12000 डॉलर प्रतिमाह दिये जायेंगे ।
हांगझोउ एशियाई खेलों में भारत को पांच स्वर्ण पदक दिलाने वाले पाग्नी ने वेतन में भारी बढोतरी की मांग की थी । अब वह दक्षिण कोरिया में कंपाउंड तीरंदाजी के तकनीकी मुख्य कोच हैं ।
इस बीच रिकर्व टीम के लिये विदेशी कोच की नियुक्ति अभी तक नहीं हो सकती है । कोरिया और अेरिका के कोच किसिक ली ने बड़े पैकेज की मांग करते हुए प्रस्ताव ठुकरा दिया है ।
भाषा मोना
मोना