पेरिस, एक जून (भाषा) भारत के एन श्रीराम बालाजी और मैक्सिको के उनके जोड़ीदार मिगुएल एंजेल रेयेस-वेरेला मार्टिनेज ने शनिवार को यहां डैन एडेड और थियो एरिबेज की जोड़ी को तीन सेटों में हराकर पहली बार फ्रेंच ओपन प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
बालाजी और मार्टिनेज की जोड़ी ने एक घंटे 42 मिनट तक चले दूसरे दौर के मैच में फ्रांस की जाड़ी को 6-4, 3-6, 6-2 से हराया।
पेरिस ओलंपिक में बालाजी के रोहन बोपन्ना का जोड़ीदार बनने की ज्यादा संभावना है।
बालाजी और मार्टिनेज ने शुरुआती दौर में अमेरिका के रीस स्टेल्डर और नीदरलैंड के सेम वर्बीक को हराया था।
इस जोड़ी के सामने प्री-क्वार्टर फाइनल में ऑस्ट्रेलियाई ओपन चैम्पियन बोपन्ना और मैथ्यू एबडेन की जोड़ी की चुनौती हो सकती है। इसके लिए हालांकि बोपन्ना और एबडेन की जोड़ी को दूसरे दौर में जीत दर्ज करनी होगी।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता