सॉल्ट, पाटीदार और कोहली के अर्धशतक आरसीबी ने मुंबई इंडियंस को दिया 241 रन का लक्ष्य

Ads

सॉल्ट, पाटीदार और कोहली के अर्धशतक आरसीबी ने मुंबई इंडियंस को दिया 241 रन का लक्ष्य

  •  
  • Publish Date - April 12, 2026 / 10:01 PM IST,
    Updated On - April 12, 2026 / 10:01 PM IST

मुंबई, 12 अप्रैल (भाषा) रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने रविवार को यहां शीर्ष क्रम में फिल सॉल्ट (78 रन), कप्तान रजत पाटीदार (53 रन) और विराट कोहली (50 रन) के अर्धशतकों की बदौलत इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के टी20 मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ चार विकेट पर 240 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।

सॉल्ट और कोहली ने पहले विकेट के लिए 65 गेंद में 120 रन की भागीदारी निभाई। सॉल्ट ने 36 गेंद का सामना करते हुए छह छक्के और इतने ही चौके जमाए।

गत चैंपियन टीम के लिए पाटीदार और टिम डेविड (नाबाद 34 रन, 16 गेंद, दो चौके, तीन छक्के) ने आते ही तेजी से रन जुटाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

पाटीदार (20 गेंद) ने आते ही छक्कों और चौकों की झड़ी लगाकर आईपीएल में अपना सबसे तेज अर्धशतक जड़ा जिसके लिए उन्होंने 17 गेंद खेलीं जिसमें चार चौके और पांच छक्के जड़े थे।

मुंबई इंडियंस के लिए शार्दुल ठाकुर, मिचेल सैंटनर, हार्दिक पंड्या और ट्रेंट बोल्ट को एक एक विकेट मिले।

पारी की शुरुआत कोहली ने बोल्ट की गेंद पर जोरदार छक्का जड़कर की। जहां कोहली बीच-बीच में बाउंड्री लगाते रहे तो वहीं उनके जोड़ीदार सॉल्ट ने रन गति को तेज करने की जिम्मेदारी संभाली।

इंग्लैंड के इस बल्लेबाज ने तेज गेंदबाजों बोल्ट और हार्दिक के खिलाफ बाउंड्री लगाईं। सॉल्ट ने बोल्ट की गेंद को स्टैंड में छक्के के लिए भेज दिया जबकि सैंटनर की गेंद पर उन्होंने लगातार तीन छक्के जड़े।

इससे आरसीबी के 50 रन 4.2 ओवर में ही पूरे हो गए थे, इससे उन्होंने मुंबई इंडियंस को मजबूर कर दिया कि वे जसप्रीत बुमराह (35 रन देकर कोई विकेट नहीं) को पावरप्ले में ही दूसरा ओवर फेंकने के लिए वापस बुला लें जो कि आमतौर पर देखने को नहीं मिलता।

इस दिग्गज तेज गेंदबाज ने पावरप्ले के आखिरी ओवर में सिर्फ छह रन दिए, लेकिन इसके बावजूद आरसीबी ने पावरप्ले में 71 रन बना लिए थे।

आठवें ओवर में सॉल्ट ने लेग-स्पिनर मयंक मार्कंडेय को निशाना बनाते हुए लगातार तीन चौके जड़े जबकि कोहली ने सैंटनर के तीसरे ओवर में दो और चौके लगाए।

विकेट लेने के लिए बेताब मुंबई इंडियंस ने आखिरकार 11वें ओवर में गेंद शार्दुल को सौंपी। शार्दुल ने सॉल्ट को कवर पर खड़े हार्दिक के हाथों कैच करवाकर पहला विकेट दिलाया जिससे पहले विकेट की साझेदारी टूट गई।

पाटीदार ने फिर साधारण गेंदबाजी का फायदा उठाते हुए अर्धशतक जड़ा। उन्होंने अपनी पारी की शुरुआत शार्दुल की गेंद को कवर के ऊपर से उठाकर चौका जड़ते हुए की और फिर मार्कंडेय की खराब लेंथ का पूरा फायदा उठाते हुए इस लेग-स्पिनर पर लगातार तीन छक्के जड़े। देखते ही देखते पाटीदार ने नौ गेंद में 34 रन बना लिए।

मुंबई ने शार्दुल को ऑफ-साइड से बाहर गेंदें डालने के लिए लगाया, लेकिन वे ज्यादातर मौकों पर ऐसा करने में चूक गए।

शुरुआत में सॉल्ट की आक्रामक बल्लेबाजी और फिर बीच के ओवरों में पाटीदार की तूफानी बल्लेबाजी के बाद कोहली को अपना अर्धशतक पूरा करने का मौका मिला। लेकिन वह 37 गेंद में 50 रन बनाते ही 15वें ओवर में आउट हो गए।

अपने पहले ओवर में 22 रन देने वाले सैंटनर ने अपने बाकी ओवरों में काफी कसी गेंदबाजी की और पाटीदार का विकेट लेकर अपना स्पैल समाप्त किया।

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द