भारतीय पैरा खेलों को नई ऊंचाइयों पर ले गए ऊंची कूद खिलाड़ी प्रवीण कुमार

Ads

भारतीय पैरा खेलों को नई ऊंचाइयों पर ले गए ऊंची कूद खिलाड़ी प्रवीण कुमार

  •  
  • Publish Date - May 17, 2026 / 08:09 PM IST,
    Updated On - May 17, 2026 / 08:09 PM IST

नयी दिल्ली, 17 मई (भाषा) अनसंग हीरोज वर्ग में पद्म श्री हासिल करने वाले ऊंची कूद के खिलाड़ी प्रवीण कुमार उन कुछ लोगों में से एक हैं जिन्होंने अपनी शारीरिक कमियों को अपने करियर में ताकत में बदला है और भारतीय पैरा खेलों की दिशा बदल दी।

गौतमबुद्ध नगर जिले के जेवर के एक मध्यमवर्गीय परिवार में 15 मई 2003 को जन्मे प्रवीण का एक पैर दूसरे से छोटा था लेकिन वह बहुत तेज छलांग लगाने के काबिल थे और जल्द ही उन्होंने ऊंची कूद को अपना जुनून बना लिया।

उनका करियर एक अंतर स्कूल ऊंची कूद प्रतियोगिता दौरान बदला जहां उन्होंने पूर्ण सक्षम खिलाड़ियों के खिलाफ मुकाबला किया जिससे विशेषज्ञों का ध्यान उनकी ओर गया।

कोच सत्यपाल सिंह के मार्गदर्शन में उन्होंने दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में ट्रेनिंग ली जिससे उनके कौशल में और निखार आया और वह दुनिया के शीर्ष पैरा खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए।

गृह मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 26 मई को राष्ट्रपति भवन में एक समारोह के दौरान ऊंची कूद (टी64 वर्ग) में मौजूदा पैरालंपिक चैंपियन प्रवीण (23) को पद्म श्री से सम्मानित करेंगी।

भाषा सुधीर

सुधीर