हिमांशु, दीक्षा, सूरज ने टी4 राष्ट्रीय निशानेबाजी ट्रायल में दर्ज की जीत
हिमांशु, दीक्षा, सूरज ने टी4 राष्ट्रीय निशानेबाजी ट्रायल में दर्ज की जीत
देहरादून, सात जून (भाषा) हरियाणा के हिमांशु ढिल्लों ने टी4 राष्ट्रीय चयन ट्रायल्स में रविवार को यहां पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल फाइनल के बेहद रोमांचक मुकाबले में महाराष्ट्र के पार्थ राकेश माने को अंतिम निशाने पर पछाड़कर शीर्ष स्थान हासिल किया।
फाइनल के 24वें और आखिरी निशाने से पहले हिमांशु अपने प्रतिद्वंद्वी से 0.2 अंक पीछे थे। उन्होंने इसके बाद 10.6 अंक वाला निशाना लगाया जबकि पार्थ ने 10.3 अंक बनाए। इस तरह बेहद करीबी अंतर से हिमांशु ने जीत अपने नाम की।
हिमांशु ने कुल 252.2 अंक हासिल किए। इस स्पर्धा का कांस्य दिल्ली के पार्थ मखीजा ने जीता।
महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में उत्तर प्रदेश की दीक्षा वैश्य ने शानदार शुरुआत करते हुए पांच निशाने की दूसरी सीरीज में बढ़त हासिल की और दबाव में भी अपना संयम बनाए रखा।
उन्होंने मजबूत चुनौती का सामना करते हुए आशी चौकसे को 1.2 अंकों से पीछे छोड़ दिया और 252.7 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता।
रेलवे की सोनम उत्तम मस्कर ने कांस्य पदक हासिल किया।
मध्य प्रदेश के सूरज शर्मा ने दिन के तीसरे फाइनल में पुरुषों की 25 मीटर रैपिड-फायर पिस्टल (आरएफपी) स्पर्धा में 29 अंक के साथ पहला स्थान हासिल किया। उत्तराखंड के अंकुर गोयल 27 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि भावेश शेखावत 25 निशाने के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
राष्ट्रीय रैंकिंग में हालांकि पार्थ शीर्ष पर रहे, जबकि हिमांशु दूसरे स्थान पर पहुंचे। महिलाओं की एयर राइफल रैंकिंग में सोनम मस्कर को फायदा हुआ और वह एलावेनिल वलारिवन के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गईं।
वहीं पुरुषों की आरएफपी रैंकिंग में नौसेना के अनुभवी ओंकार सिंह अनिश के बाद दूसरे स्थान पर पहुंचे।
एशियाई खेलों के लिए 12 सदस्यीय शॉटगन टीम पहले ही घोषित की जा चुकी है, जबकि राइफल और पिस्टल टीमों की घोषणा ट्रायल के बाद की जाएगी।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता

Facebook


