इब्राहिम जदरान के नाबाद 95 रन, अफगानिस्तान ने कनाडा को दिया 201 रन का लक्ष्य
इब्राहिम जदरान के नाबाद 95 रन, अफगानिस्तान ने कनाडा को दिया 201 रन का लक्ष्य
चेन्नई, 19 फरवरी (भाषा) अफगानिस्तान ने इब्राहिम जदरान (नाबाद 95 रन, 56 गेंद) की शानदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत बृहस्पतिवार को यहां आईसीसी टी20 विश्व कप के औपचारिक ग्रुप डी मैच में कनाडा के खिलाफ चार विकेट पर 200 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
दोनों टीमें टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी हैं लेकिन जीत के साथ घर लौटना चाहती हैं। पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी अफगानिस्तान ने शानदार प्रदर्शन किया। उसके लिए जदरान के अलावा सेदिकुल्लाह अटल ने 44 रन और विकेटकीपर बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज ने 30 रन का योगदान दिया।
जदरान को एक जीवनदान मिला जिसके बाद उन्होंने कनाडा के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए अपनी पारी में सात चौके और पांच छक्के लगाए।
गुरबाज ने संभलकर शुरुआत की, लेकिन दूसरे ओवर में विकेटकीपर श्रेयस मोवा ने तेज गेंदबाज डिलन हेलिगर की गेंद पर उनका कैच छोड़ दिया।
गुरबाज ने पिच को समझने के बाद शानदार शॉट्स खेले, लेकिन छठे ओवर में जसकरण ने उन्हें डीप प्वाइंट पर कैच कराकर पवेलियन भेज दिया।
तीन गेंद बाद ही जसकरण सिंह ने खतरनाक गुलबदिन नईब को पगबाधा आउट कर अफगानिस्तान का स्कोर दो विकेट पर 49 रन कर दिया।
इसके बाद जदरान ने मोर्चा संभाला। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने रन गति को कभी धीमा नहीं होने दिया। उन्होंने तेज गेंदबाजों और स्पिनरों के खिलाफ खुलकर शॉट्स लगाए।
उन्होंने अटल के साथ तीसरे विकेट के लिए 95 रन की शानदार साझेदारी की। दोनों ने स्पिनरों के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया।
जदरान 54 रन पर भाग्यशाली रहे, जब बाएं हाथ के स्पिनर अंश पटेल की गेंद पर कलीम सना ने उनका कैच छोड़ दिया। कनाडा का खराब क्षेत्ररक्षण उन पर भारी पड़ा और अफगानिस्तान ने विकेटों के बीच तेज दौड़ लगाकर इसका पूरा फायदा उठाया।
जसकरण ने अंततः अटल को आउट कर साझेदारी तोड़ी, लेकिन जदरान बिना दबाव के खेलते रहे लेकिन शतक से पांच रन से चूक गए।
अंत में अजमतुल्लाह उमरजई ने सात गेंद पर 13 रन रन बनाए जिससे अफगानिस्तान ने 10 रन प्रति ओवर से 200 रन पूरे किए।
कनाडा के लिए जसकरण सिंह ने गेंद से अच्छा प्रदर्शन किया और 52 रन देकर तीन विकेट लिए जबकि तेज गेंदबाज डिलन हेलिगर को एक विकेट मिला।
भाषा नमिता
नमिता

Facebook


