दुबई। इंटरनेशनल क्रिकेट बोर्ड ने श्रीलंका के बॉलिंग कोच नुवान जोयसा को मैच फिक्सिंग के आरोपों में निलंबित कर दिया है। जोयसा पर इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला से पहले मैच फिक्सिंग और खिलाड़ियों को नतीजों पर असर डालने के लिए उकसाने के आरोप हैं।
आईसीसी ने एक बयान में कहा कि ‘जोयसा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनके पास आरोपों का जवाब देने के लिये एक नवंबर से 14 दिन का समय है। आईसीसी इस मामले में आगे कोई टिप्पणी नहीं करेगी’। बता दें कि आईसीसी फिलहाल श्रीलंका क्रिकेट में कथित भ्रष्टाचार मामले की जांच कर रही है। विश्व कप विजेता बल्लेबाज सनथ जयसूर्या पर हाल ही में जांच में सहयोग नहीं करने का आरोप सामने आया था।
यह भी पढ़ें : कुवैत के अमीर और प्रधानमंत्री से मिलीं सुषमा स्वराज, द्विपक्षीय संबंधो को मजबूत करने पर हुई चर्चा
गौरतलब है कि पूर्व तेज गेंदबाज जोयसा ने श्रीलंका के लिए 30 टेस्ट और 95 वनडे खेले हैं। उन्हें सितंबर 2015 में श्रीलंका का गेंदबाजी कोच नियुक्त किया गया था। उन पर आईसीसी की आचार संहिता की धारा 2.1.1, 2.1.4 और 2.4.4 के उल्लंघन का आरोप है।
वेब डेस्क, IBC24