दुबई, 11 मार्च (भाषा) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने पुरुषों का टी20 विश्व कप समाप्त होने के बाद बुधवार को खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि की घोषणा की जो रिकॉर्ड 1.125 करोड़ अमेरिकी डॉलर है जिसमें घरेलू मैदान पर चैंपियन बनी भारतीय टीम को सबसे बड़ा हिस्सा 2,639,423 डॉलर (लगभग 25 करोड़ रुपये) मिला।
भारत ने फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर लगातार दूसरी ट्रॉफी अपने नाम की।
उपविजेता न्यूजीलैंड को 14,22,692 अमेरिकी डॉलर (लगभग 13 करोड़ रुपये) मिले जबकि सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड को क्रमशः लगभग 9.24 करोड़ रुपये और 8.96 करोड़ रुपये प्राप्त हुए।
अन्य शीर्ष टीमों में वेस्टइंडीज को 5,38,269 अमेरिकी डॉलर मिले जबकि अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलने वाली पाकिस्तान टीम को 5,22,692 अमेरिकी डॉलर मिले।
जिम्बाब्वे को 4,91,538 अमेरिकी डॉलर और श्रीलंका को 4,75,962 अमेरिकी डॉलर दिए गए।
सुपर आठ चरण में बाहर हुई अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका की टीमों को प्रत्येक 3,09,808 अमेरिकी डॉलर मिले।
स्कॉटलैंड को 2,78,654 अमेरिकी डॉलर और आयरलैंड को 2,71,731 अमेरिकी डॉलर जबकि चार अन्य टीम इटली, नीदरलैंड, संयुक्त अरब अमीरात और नेपाल प्रत्येक 2,56,154 अमेरिकी डॉलर दिए गए।
कनाडा, नामीबिया और ओमान प्रत्येक को 2,25,000 अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि दी गई।
आईसीसी ने कहा कि यह पुरस्कार राशि वितरण खिलाड़ियों के लिए वित्तीय प्रोत्साहन बढ़ाने और सदस्य देशों में क्रिकेट के विकास को मजबूत करने के उसके लगातार प्रयासों को दर्शाता है।
भाषा नमिता सुधीर
सुधीर