नयी दिल्ली, 19 मई (भाषा) दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के वरिष्ठ आजीवन सदस्य सीए राजन गोयल ने कोषाध्यक्ष हरीश सिंगला को तुरंत हटाने और संघ में वित्तीय लेन-देन की स्वतंत्र जांच करने की मांग की है।
गोयल ने कथित वित्तीय अनियमितताओं और विश्वास तोड़ने पर चिंता जताई।
मंगलवार को जारी बयान में गोयल ने कहा कि राजधानी की शीर्ष क्रिकेट संस्था के कामकाज में जनता का भरोसा फिर से कायम करने के लिए डीडीसीए को ‘सख्त कार्रवाई’ करने की जरूरत है।
गोयल ने कहा, ‘‘कारपोरेट और खेल ढांचों का दुरुपयोग अब और बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। खेल संस्थाओं के भीतर संपत्तियों की हेराफेरी और वित्तीय जवाबदेही की कमी ठीक वैसे ही कारपोरेट घोटालों को दर्शाती है जिन्हें केंद्रीय एजेंसियां खत्म कर रही हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘डीडीसीए के भरोसे को बनाए रखने के लिए कोषाध्यक्ष हरीश सिंगला को तुरंत पद से हटा दिया जाना चाहिए और संघ के भीतर उनके वित्तीय आचरण और मामलों की जांच शुरू की जानी चाहिए।’’
डीडीसीए इस समय आईपीएल टिकटों की कालाबाजारी और मानाद पास घोटाले में फंसा हुआ है।
दिल्ली पुलिस ने कालाबाजारी करने वाले एक नेटवर्क का भंडाफोड़ करने के बाद चार लोगों को गिरफ्तार किया जो अरुण जेटली स्टेडियम के पास प्रति टिकट 80 हजार रुपये तक वसूल रहे थे।
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द