मनीष ने कीगन को चौंकाया; एसएम कृष्णा मेमोरियल ओपन में भारतीयों का शानदार प्रदर्शन

Ads

मनीष ने कीगन को चौंकाया; एसएम कृष्णा मेमोरियल ओपन में भारतीयों का शानदार प्रदर्शन

  •  
  • Publish Date - May 19, 2026 / 09:00 PM IST,
    Updated On - May 19, 2026 / 09:00 PM IST

बेंगलुरु, 19 मई (भाषा) भारतीय खिलाड़ियों ने एसएम कृष्णा मेमोरियल ओपन में पहले दिन यादगार प्रदर्शन किया, जिसमें वाइल्ड कार्ड खिलाड़ी मनीष सुरेशकुमार ने शीर्ष वरीय और हाल ही में कर्नाटक ओपन चैंपियन रहे कीगन स्मिथ को पहले दौर में 6-4, 2-6, 6-2 से हराकर बड़ा उलटफेर किया।

विश्व रैंकिंग में 737वें स्थान पर काबिज मनीष ने मैच के बाद कहा कि अब वे इस स्तर की तेज़ रफ्तार टेनिस के अभ्यस्त हो रहे हैं।

अमेरिका के खिलाड़ी ने दूसरे सेट में वापसी की कोशिश की, लेकिन निर्णायक सेट में मनीष ने बेहतरीन संयम और रणनीतिक खेल दिखाते हुए मैच पर पूरी पकड़ बना ली और उलटफेर को अंजाम दिया।

भारत के लिए दिन और भी सफल रहा, जब सिद्धार्थ रावत ने ऑस्ट्रेलिया के ओमर जसिका को 7-6(4), 6-3 से हराया। वहीं अनुभवी खिलाड़ी मुकुंद शशिकुमार ने थाईलैंड के आठवीं वरीय खिलाड़ी मैक्सिमस जोन्स को कड़े मुकाबले में 7-6(5), 7-6(5) से मात दी।

स्थानीय वाइल्ड कार्ड कृष त्यागी ने भी शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए चीनी ताइपे के कुआन-यी ली को 7-6(8), 7-6(4) से हराया।

तीसरी वरीयता प्राप्त ब्रिटेन के हामिश स्टीवर्ट ने भारतीय खिलाड़ी आदित्य विशाल बलसेकर को 6-4, 6-7(2), 6-4 से हराकर आगे बढ़ने से रोका।

अन्य मुकाबलों में एलिस्टेयर ग्रे ने अराध्य क्षितिज को हराया, जबकि करण सिंह, प्रज्वल देव, दिग्विजयप्रताप सिंह और लकी लूज़र नितिन कुमार सिन्हा का सफर पहले ही दौर में समाप्त हो गया।

भाषा आनन्द

आनन्द