बासेल, 12 मार्च (भाषा) भारतीय शटलर थारुन मन्नेपल्ली ने जापान के अपने प्रतिद्वंदी केंटा निशिमोटो के निर्णायक सेट में रिटायर होने के बाद स्विस ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष एकल के दूसरे दौर में जगह बनाई।
विश्व रैंकिंग में 43वें स्थान पर काबिज मन्नेपल्ली बुधवार की रात खेले गए इस मैच में तब 16-21 21-16 7-2 से आगे चल रहे थे, जब पांचवीं वरीयता प्राप्त निशिमोटो ने कंधे में दर्द के कारण मैच से हटने का फैसला किया।
पिछले साल मकाऊ ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचने वाले 24 वर्षीय मन्नेपल्ली का अगला मुकाबला मलेशिया के जस्टिन होह से होगा।
इस बीच महिला एकल में मालविका बंसोड़ थाईलैंड की विश्व में चौथे नंबर की खिलाड़ी पोर्नपावी चोचुवोंग से एकतरफा मुकाबले में 11-21, 15-21 से हार गईं। थाईलैंड की खिलाड़ी के खिलाफ यह उनकी चौथी हार है।
गुरुवार को सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की विश्व के चौथे नंबर के पुरुष युगल जोड़ी, किरण जॉर्ज तथा ध्रुव कपिला और तनीशा क्रास्टो की भारतीय मिश्रित युगल जोड़ी अपनी चुनौती पेश करेंगे।
भाषा
पंत
पंत