एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप के पहले दिन भारत ने एक स्वर्ण समेत पांच पदक जीते

Ads

एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप के पहले दिन भारत ने एक स्वर्ण समेत पांच पदक जीते

  •  
  • Publish Date - July 9, 2026 / 09:09 PM IST,
    Updated On - July 9, 2026 / 09:09 PM IST

ओर्डोस (चीन), नौ जुलाई (भाषा) भारत ने बृहस्पतिवार को यहां एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप की शानदार शुरुआत करते हुए मिश्रित चार गुणा 400 मीटर रिले में एक स्वर्ण समेत कुल पांच पदक जीते।

अस्तिक प्रधान, सैंड्रा मोल साबू, सेतु मिश्रा और श्रावणी सचिन सांगले की भारतीय टीम ने तीन मिनट 18.64 सेकंड का समय लेकर देश के लिए दिन की आखिरी स्पर्धा में पहला स्थान हासिल किया।

स्वर्ण के अलावा भारतीयों ने प्रतियोगिता के पहले दिन एक रजत और तीन कांस्य पदक भी जीते।

भरतप्रीत सिंह ने पुरुषों की चक्का फेंक स्पर्धा में 52.91 मीटर के प्रयास से कांस्य पदक जीतकर भारत के लिए पदक का खाता खोला।

चीन के ली झिक्सिन ने 60.79 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण जीता जबकि उनके हमवतन जियांग ज़ेहाओ ने 59.60 मीटर के साथ रजत पदक हासिल किया।

पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ के फाइनल में भारतीय खिलाड़ी दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। शिवाजी परशुराम मदप्पागौड्रा ने 14:08.19 के समय के साथ रजत और विनोद सिंह ने 14:23.67 के समय के साथ कांस्य पदक जीता। जापान के रुई सुज़ुकी ने 14:01.24 का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता।

भारत के लिए दिन का आखिरी कांस्य पदक प्राची देवकर ने महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज में 10 मिनट 32.69 सेकंड का समय लेकर जीता।

इस स्पर्धा में चीन का दबदबा रहा। यांग यिटिंग ने 10:14.68 के समय के साथ स्वर्ण और लियू युक्सिन ने 10:25.51 के समय के साथ रजत पदक जीता।

चैंपियनशिप के पहले चरण में 53 एथलीट भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर

शीर्ष 5 समाचार