नयी दिल्ली, 15 जून (भाषा) ओलंपिक कांस्य पदक विजेता निशानेबाज गगन नारंग और दिग्गज भारोत्तोलक एन कुंजरानी देवी को सोमवार को बहुप्रतीक्षित राष्ट्रीय खेल बोर्ड (एनएसबी) के गठन के लिए केंद्र सरकार की पांच सदस्यीय खोज सह चयन समिति में शामिल किया गया।
कैबिनेट सचिव टीवी सोमनाथन समिति की अगुआई करेंगे जिसमें हरिरंजन राव (सचिव, खेल) और भारतीय ओलंपिक संघ से लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) हरपाल सिंह भी शामिल हैं।
नारंग और कुंजरानी समिति में शामिल राष्ट्रीय खेल पुरस्कार विजेता हैं।
खेल मंत्रालय ने कहा, ‘‘इस समिति का काम बोर्ड के अध्यक्ष और दो सदस्यों के पद के लिए ऐसे लोगों के नाम सुझाना है जो काबिल हों, ईमानदार हों और जिनकी अच्छी साख हो। साथ ही उन्हें जन प्रशासन, खेल संचालन, खेल कानून और दूसरे संबंधित क्षेत्रों में जानकारी या प्रायोगिक अनुभव हो।’’
एनएसबी एक केंद्रीय प्राधिकरण के तौर पर काम करेगा। यह राष्ट्रीय खेल संस्थाओं को मान्यता देने और इस साल की शुरुआत में लागू हुए ‘राष्ट्रीय खेल प्रशासन अधिनियम’ के तहत संचालन, वित्तीय और नैतिक स्तर का पालन सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार होगा।
भाषा सुधीर मोना
मोना