नयी दिल्ली, 15 जून (भाषा) भारत के शीर्ष रैंकिंग के एकल खिलाड़ी सुमित नागल और सहजा यमलापल्ली जापान में होने वाले 20वें एशियाई खेलों में देश के टेनिस अभियान की अगुआई करेंगे। अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) ने सोमवार को इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता के लिए छह सदस्यीय पुरुष और महिला टीम चुनी।
टीम का चयन नंदन बल की अध्यक्षता वाली एआईटीए की चयन समिति ने किया। इसमें अनुभवी खिलाड़ियों और उभरते हुए खिलाड़ियों का मिश्रण है। संघ को उम्मीद है कि मौजूदा फॉर्म और भविष्य की संभावनाओं के मेल से टीम जापान में सफल होगी।
पुरुषों की टीम में दुनिया के 277वें नंबर के खिलाड़ी नागल, युवा मानस धामने (378 रैंकिंग) और पिछले डेविस कप मुकाबले के हीरो दक्षिणेश्वर सुरेश (478) शामिल हैं। टीम में युगल के तीन विशेषज्ञ भी हैं जिनकी अगुवाई युकी भांबरी (दुनिया के 24वें नंबर के खिलाड़ी) करेंगे। अन्य दो युगल खिलाड़ी एन श्रीराम बालाजी (दुनिया के 61वें नंबर के खिलाड़ी) और अनिरुद्ध चंद्रशेखर (दुनिया के 90वें नंबर के खिलाड़ी) हैं।
करण सिंह, रित्विक बोलीपल्ली और निकी कालियांदा को रिजर्व के रूप में चुना गया है।
महिला वर्ग में दुनिया की 332वें नंबर की खिलाड़ी सहजा के अलावा वैष्णवी अडकर (396) और वैदेही चौधरी (417) को एकल में जगह मिली है।
रुतुजा भोंसले (125), प्रार्थना थोम्बारे (181) और अंकिता रैना (185) भी टीम का हिस्सा हैं जबकि जील देसाई और श्रुति अहलावत को रिजर्व के रूप में चुना गया है।
एआईटीए के महासचिव सुंदर अय्यर ने कहा कि चयनसमिति ने टीम को अंतिम रूप देने से पहले पेशेवर सर्किट पर खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया।
अय्यर ने कहा, ‘‘चयन समिति ने पेशेवर सर्किट में खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर ध्यान देने के बाद ऐसी टीम चुनी है जिसमें अनुभव, मौजूदा फॉर्म और भविष्य की क्षमता का सही तालमेल है। हमें भरोसा है कि खिलाड़ियों का यह समूह नागोया में होने वाले एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व शानदार तरीके से करेगा।’’
एशियाई खेल 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक आइची-नागोया में होंगे।
एआईटीए ने चुने गए खिलाड़ियों को बधाई दी और खेलों की तैयारी में उन्हें पूरा सहयोग देने का वादा किया।
भाषा सुधीर मोना
मोना